Blogअसमअसम.समाचार(स्पेशल)चुनावथर्ड आईपॉलिटिकल तड़काराष्ट्रीयलेटेस्ट खबरें

नगांव लोकसभा उपचुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत, देवाशीष शर्मा को 7.10 लाख वोट

एआईयूडीएफ दूसरे और कांग्रेस तीसरे स्थान पर; विकास के मुद्दे पर जनता ने भाजपा को दिया जनादेश

विकाश शर्मा,

 

नगांव, 9 अक्टूबर 2026/असम.समाचार

नगांव लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव की मतगणना शुक्रवार को शहर के दर्शन हाई स्कूल और गवर्नमेंट बॉयज हाई स्कूल स्थित दो मतगणना केंद्रों पर शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। रात 8:30 बजे तक उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार देवाशीष शर्मा ने भारी मतों के अंतर से जीत दर्ज की। उन्हें कुल 7,10,622 वोट मिले, जबकि ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) के उम्मीदवार मोहम्मद बदरुद्दीन अजमल 5,70,413 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। कांग्रेस उम्मीदवार शिवामणि बोरा को 1,28,743 वोट मिले और वह तीसरे स्थान पर रहे।

निर्वाचन आंकड़ों के अनुसार, भाजपा उम्मीदवार देवाशीष शर्मा को 49.08 प्रतिशत, बदरुद्दीन अजमल को 39.39 प्रतिशत और शिवामणि बोरा को 8.89 प्रतिशत वोट मिले। भाजपा ने एआईयूडीएफ पर 1,40,209 मतों की बढ़त के साथ जीत हासिल की। चुनाव परिणाम ने नगांव लोकसभा क्षेत्र में भाजपा की मजबूत स्थिति को रेखांकित किया, जबकि कांग्रेस तीसरे स्थान पर खिसक गई।

जीत के बाद भाजपा उम्मीदवार देवाशीष शर्मा ने कहा कि जनता ने विकास के मुद्दे पर भाजपा के पक्ष में मतदान किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए नगांव तथा मोरीगांव की जनता को धन्यवाद दिया।

मतगणना केंद्रों के बाहर परिणाम सामने आने के साथ ही भाजपा समर्थकों में उत्साह देखा गया। समर्थकों ने कांग्रेस के खिलाफ नारे लगाए और भाजपा के समर्थन में जयकारे लगाए। भाजपा की जीत के बाद नगांव स्थित पार्टी मुख्यालय में जश्न मनाया गया। नगांव-बटद्रवा के विधायक रूपक शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने देवाशीष शर्मा की जीत का स्वागत किया। इस दौरान मिठाइयां बांटी गईं और पटाखे फोड़कर खुशी मनाई गई।

एआईयूडीएफ प्रमुख बदरुद्दीन अजमल ने चुनाव परिणाम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस इतिहास बन जाएगी। चुनाव परिणाम के बाद भाजपा समर्थकों ने दावा किया कि जनता ने विकास के पक्ष में जनादेश दिया है। कुछ समर्थकों ने कांग्रेस पर अल्पसंख्यकों के नाम पर राजनीति करने का आरोप भी लगाया।

मतगणना के दौरान दोनों केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की गई। नगांव के जिला आयुक्त आरण्यक सैकिया और जिला पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार रेड्डी ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं की निगरानी की। पूरी मतगणना प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!