अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन, असम प्रदेश की धुबड़ी शाखा का पुनर्गठन,नारी सशक्तिकरण हमारी प्राथमिकता : शीतल सोमानी

विकास शर्मा
धुबड़ी, 28 अक्टूबर 2025/असम.समाचार
अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन (अभामामस) असम प्रदेश की धुबड़ी शाखा, जो लंबे समय से निष्क्रिय थी, का पुनर्गठन मंगलवार को सफलतापूर्वक किया गया। यह महत्वपूर्ण पहल प्रांतीय अध्यक्ष शीतल सोमानी के अथक प्रयासों और नेतृत्व का परिणाम रही।

धुबड़ी के जायका होटल में आयोजित इस बैठक में क्षेत्र की सक्रिय बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सदस्यों को अभामामस की गतिविधियों, सामाजिक प्रकल्पों और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
सभा में धुबड़ी की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें
अध्यक्ष : रीता मित्तल
सचिव : रश्मि छाबड़ा
कोषाध्यक्ष : निष्ठा बैद
सलाहकार : आशा अग्रवाल
को सर्वसम्मति से नियुक्त किया गया।
प्रांतीय अध्यक्ष शीतल सोमानी एवं प्रांतीय सचिव निशा काबरा ने नई टीम का स्वागत फुलाम गमछा और बैज पहनाकर किया। इस अवसर पर शीतल सोमानी ने कहा “नारी सशक्तिकरण हमारे सम्मेलन की प्राथमिकता है। जब महिला आगे बढ़ती है, तो पूरा समाज प्रगति करता है।”
उन्होंने धुबड़ी शाखा को असम प्रदेश की 43वीं सक्रिय शाखा बनने पर हार्दिक बधाई दी। शाखा के गठन में सुरेंद्र बेगानी और सुरेश हरलालका का विशेष सहयोग रहा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष अंजू सरावगी ने वीडियो कॉल के माध्यम से सभी बहनों को शुभकामनाएं दीं और नवगठित टीम को संगठन के उद्देश्यों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आशीर्वाद दिया।
पुनर्गठित टीम की बहनों ने नए उत्साह और जोश के साथ यह संकल्प लिया कि वे समाज में सेवा, शिक्षा और सशक्तिकरण के कार्यों को और व्यापक रूप में आगे बढ़ाएंगी।





