होजाई में 24 जनवरी को असम वरिष्ठ नागरिक सम्मेलन का 11वां वार्षिक मध्यकालीन अधिवेशन

निरंजन सरावगी
होजाई 18 जनवरी 2026/असम.समाचार
असम वरिष्ठ नागरिक सम्मेलन का 11वां वार्षिक मध्यकालीन अधिवेशन आगामी 24 जनवरी को होजाई के स्थानीय साहित्यर्थी बेजबरुआ भवन में आयोजित किया जाएगा। इस अधिवेशन में पूरे राज्य से 700 से अधिक प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।
आज अधिवेशन के स्वागत समिति द्वारा आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में जानकारी देते हुए संस्था के साधारण सचिव अनूप कुमार बरठाकुर ने बताया कि अधिवेशन के दौरान पताका उत्तोलन, स्मृति तर्पण, वार्षिक साधारण सभा, खुला जनसभा तथा विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
बरठाकुर ने कहा कि वर्तमान समाज में वरिष्ठ नागरिकों की लगातार उपेक्षा हो रही है और सरकार भी उनकी समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं दिख रही है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1997 से वरिष्ठ नागरिकों को मात्र 250 रुपये मासिक पेंशन दी जा रही है, जो वर्तमान महंगाई के दौर में अत्यंत नगण्य है। इसके अलावा, पहले वरिष्ठ नागरिकों को रेल और सरकारी बसों में रियायती दरों पर यात्रा की सुविधा प्राप्त थी, लेकिन कोविड-19 महामारी के बाद वर्ष 2020 से यह सुविधा भी बंद कर दी गई है, जिससे वरिष्ठ नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित अधिवेशन में इस बात पर व्यापक विचार-विमर्श किया जाएगा कि वरिष्ठ नागरिक अपने जीवन के अंतिम पड़ाव में सुख, शांति और सम्मान के साथ जीवन यापन कर सकें। इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर और मुफ्त दवा वितरण का भी आयोजन किया जाएगा।
अधिवेशन के दौरान “वियली वैभव” नामक एक स्मारिका का विमोचन भी किया जाएगा।
संवाददाता सम्मेलन में संस्था के अध्यक्ष कृष्ण कुमार शर्मा, पूर्व अध्यक्ष डॉ. समशूल इस्लाम तथा साधारण सचिव अनूप कुमार बरठाकुर उपस्थित थे।



