अरुणाचल प्रदेश में दर्दनाक हादसा: चगलगाम जा रहे 22 मजदूरों से भरा ट्रक गहरी खाई में गिरा, 17 के शव बरामद

मनोज सिंह
अनजॉव, 10 दिसम्बर 2025/असम.समाचार
अरुणाचल प्रदेश के अनजॉव ज़िले में चगलगाम के रास्ते एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। तिनसुकिया (असम) से 7 दिसम्बर को चगलगाम में निर्माण कार्य के लिए रवाना हुए 22 मजदूरों का ट्रक 8 दिसम्बर की रात लगभग 8–9 बजे सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरा। घटना स्थल चगलगाम से लगभग 11 किलोमीटर दूर बताया जा रहा है।
घटना की जानकारी देर से मिलने के कारण बचाव कार्यों में और अधिक समय लग गया। मजदूरों के सहयोगियों ने जब 10 दिसम्बर तक उनके चगलगाम नहीं पहुंचने की सूचना हयुलियांग थाना को दी, तब पुलिस ने तत्काल खोजबीन शुरू की। इसी दौरान बीआरटीएफ कैंप से सूचना मिली कि एक घायल व्यक्ति वहां पहुँचा है, जिसने दुर्घटना की जानकारी दी। घायल को प्राथमिक उपचार देकर तेजू होते हुए असम भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक में सवार 22 लोगों में से 21 दुर्घटना में लापता हो गए थे। सूचना मिलते ही सेना, बीआरओ, स्थानीय पुलिस व प्रशासन के दलों ने संयुक्त रूप से सर्च और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
एनडीआरएफ टीम को भी घटनास्थल की कठिन परिस्थितियों को देखते हुए बुलाया गया है।
अब तक 17 मृत शरीर बरामद किए जा चुके हैं, जबकि बाकी की खोज जारी है। उपलब्ध रिकॉर्ड के अनुसार 18 मजदूर गिलापुखुरी टी ई, तिनसुकिया (असम) के निवासी बताए जा रहे हैं।
कठोर भौगोलिक परिस्थितियों और गहरी खाई के कारण बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है, लेकिन सभी एजेंसियां लगातार जुटी हुई हैं। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है।



