अपराध

गुवाहाटी:जयमती नगर में दिल दहला देने वाला हत्याकांड: पत्नी ने पति की हत्या कर घर के आँगन में दफनाया शव

विकास शर्मा

गुवाहाटी 15 जुलाई(असम.समाचार)

पांडु के जयमति नगर इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला ने अपने पति की हत्या कर शव को घर के सामने दफना दिया। आरोपी महिला की पहचान रहीमा खातून के रूप में की गई है, जिसने 26 जून को इस वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गई थी।

मृतक की पहचान चाबियाल रहमान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दंपती के बीच अक्सर झगड़े होते थे। घटना की रात दोनों के बीच विवाद इस कदर बढ़ा कि रहीमा ने कथित रूप से चाबियाल के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी।

हत्या के बाद रहीमा ने शव को लगभग 4 फीट गहरे गड्ढे में दफना दिया। मामले का खुलासा तब हुआ जब आरोपी ने खुद अपना गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस, फॉरेंसिक और सीआईडी टीम की मौजूदगी में शव को निकाला गया, जो तब तक सड़ चुका था।

शुरुआत में आरोपी महिला धुबरी भाग गई थी, लेकिन मृतक के परिवार द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराने के बाद जलुकबाड़ी पुलिस ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। आखिरकार रहीमा ने जलुकबाड़ी थाने में आत्मसमर्पण कर लिया और जुर्म स्वीकार कर लिया।

पश्चिम गुवाहाटी के पुलिस उपायुक्त पद्मनाभ बरूआ ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि इतनी गहराई का गड्ढा अकेले खोदना संभव नहीं लगता, इसलिए अन्य लोगों की संलिप्तता से इनकार नहीं किया जा सकता। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

इसके अलावा, रहीमा पर कथित रूप से देह व्यापार जैसे अवैध कार्यों में लिप्त होने के आरोप भी सामने आ रहे हैं, जो कि उसी घर से संचालित किए जाने की आशंका है।

फिलहाल हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद नहीं हो पाया है।

यह घटना स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश दोनों फैला रही है। घरेलू हिंसा और समाज के भीतर छुपे अपराधों को लेकर लोगों में गंभीर चिंता जताई जा रही है।

 

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!