बाल कैंसर मरीजों के बीच लायंस क्लब ऑफ गौहाटी ग्रेटर की सेवा पहल, 84 लीटर दूध वितरित

विकास शर्मा,
बाल कैंसर मरीजों के बीच लायंस क्लब ऑफ गौहाटी ग्रेटर की सेवा पहल, 84 लीटर दूध वितरित
गुवाहाटी 24 नवंबर 2026/असम.समाचार
सामाजिक सरोकार और मानव सेवा की भावना को चरितार्थ करते हुए लायंस क्लब ऑफ गौहाटी ग्रेटर की ओर से बाल कैंसर मरीजों के लिए एक विशेष सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। क्लब अध्यक्ष लायन रवि हरलालका के नेतृत्व में आर्यनगर स्थित बी. बरुआ कैंसर संस्थान के समीप सेन्ट ज्युड्स इंडिया चाइल्ड केयर सेंटर में रह रहे बच्चों के बीच 84 लीटर अमूल ताजा दूध वितरित किया गया।
इस सेवा कार्यक्रम का प्रायोजन क्लब की सदस्य लायन अर्पणा सरावगी ने किया। उनकी इस पहल ने जरूरतमंद बच्चों के प्रति संवेदना, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रेरक संदेश दिया।
क्लब की चाइल्डहुड कैंसर कोऑर्डिनेटर लायन बिमला जाजोदिया के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम में जिला कोऑर्डिनेटर लायन सुरेश गग्गड विशेष रूप से उपस्थित रहे। लायन अरुणा छाबड़ा का भी आयोजन में विशेष सहयोग रहा।
इस दौरान क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने बच्चों के साथ समय बिताया और उन्हें स्नेह, अपनत्व तथा प्रोत्साहन दिया। सदस्यों ने बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाने के साथ उनके बीच सकारात्मकता और खुशियां बांटने का प्रयास किया।
कार्यक्रम के समापन पर क्लब के सचिव लायन अजय कुमार मोर ने सेवा कार्य की प्रायोजक लायन अर्पणा सरावगी के उदार योगदान की सराहना की। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित होकर सहयोग देने वाले सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
क्लब के जनसंपर्क अधिकारी लायन रतन खाखोलिया ने कहा कि बाल कैंसर से जूझ रहे बच्चों के बीच पहुंचकर उनके साथ खुशियां बांटना महज एक सेवा कार्यक्रम नहीं, बल्कि उनके जीवन में स्नेह, सकारात्मकता और उम्मीद के कुछ खूबसूरत पल जोड़ने की पहल है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास समाज में मानवीय संवेदना और सेवा भावना को मजबूत करते हैं।



