Blogअसमअसम.समाचार(स्पेशल)एक्सक्लूसिव खबरेंथर्ड आईपॉलिटिकल तड़कामुद्दा गरम है

नगांव लोकसभा उपचुनाव: प्रचार के अंतिम दिन भाजपा और कांग्रेस ने दिखाई ताकत, शहर में निकाली भव्य बाइक रैली; 19 लाख से अधिक मतदाता तय करेंगे फैसला

डिंपल शर्मा,
नगांव 4 अक्टूबर 2026/असम.समाचार
09-नगांव संसदीय क्षेत्र में होने जा रहे उपचुनाव के लिए चुनाव प्रचार के अंतिम दिन राजनीतिक सरगर्मी चरम पर पहुंच गई। चुनाव मैदान में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस ने शहर में विशाल बाइक रैली निकालकर अपनी पूरी ताकत झोंक दी। इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी देवाशीष शर्मा और कांग्रेस प्रत्याशी शिवामणि बोरा के बीच सीधी टक्कर मानी जा रही है, जबकि ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) से पूर्व सांसद बदरुद्दीन अजमल के मैदान में उतरने से मुकाबला त्रिकोणीय और बेहद कड़ा हो गया है। प्रचार का शोर थमने के साथ ही सभी दलों के नेता अब घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क साधने में जुट गए हैं।
​प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, इस उपचुनाव में कुल 19,01,899 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
 इनमें 9,58,549 पुरुष, 9,43,300 महिला और 50 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। संसदीय क्षेत्र के तहत आने वाले नगांव जिले के पांच विधानसभा क्षेत्रों (ढिंग, रूपहीहाट, सामागुरी, नगांव-बटद्रवा और राहा) में कुल 11,36,435 मतदाता (5,72,055 पुरुष, 5,64,342 महिला व 38 थर्ड जेंडर) पंजीकृत हैं। वहीं, मरिगांव जिले के तीन विधानसभा क्षेत्रों (जागीरोड, लाहरीघाट और मरिगांव) में 7,65,464 मतदाता (3,86,494 पुरुष, 3,78,958 महिला व 12 थर्ड जेंडर) अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
​शांतिपूर्ण व निष्पक्ष मतदान संपन्न कराने के लिए निर्वाचन आयोग ने कड़े प्रबंध किए हैं। पूरे संसदीय क्षेत्र में कुल 2,307 मतदान केंद्र बनाए गए हैं,
 जिनमें से 624 केंद्रों को अतिसंवेदनशील (क्रिटिकल) श्रेणी में रखा गया है। नगांव जिले में स्थापित 1,339 मतदान केंद्रों में से 372 और मरिगांव के 968 केंद्रों में से 252 केंद्र क्रिटिकल चिन्हित किए गए हैं। चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए प्रशासन ने कुल 203 सेक्टर मजिस्ट्रेट/अधिकारी और 53 जोनल अधिकारी नियुक्त किए हैं।
​इसके अलावा, विशेष श्रेणी के मतदाताओं की सुविधा के लिए भी व्यापक व्यवस्था की गई है।
 पूरे क्षेत्र में 85 वर्ष से अधिक उम्र के 9,291 वरिष्ठ नागरिक, 10,957 दिव्यांग (PwD), 10,782 डी-वोटर्स और 3,549 सर्विस वोटर्स पंजीकृत हैं। पूर्व के चुनावी आंकड़ों पर नजर डालें तो लोकसभा चुनाव 2024 में लाहरीघाट में सर्वाधिक 90.47% और नगांव-बटद्रवा में सबसे कम 77.31% मतदान दर्ज किया गया था। प्रशासन का लक्ष्य इस बार भी मतदाताओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करना है। पोलिंग पार्टियों को आवश्यक चुनाव सामग्री के साथ मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!