काजीरंगा सड़क हादसे में 26 की मौत, मृतकों के परिजनों को मिलेंगे 9-9 लाख रुपये : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने मंत्रियों के साथ घटनास्थल का किया निरीक्षण, बोले- सड़क सुरक्षा नियमों में फिर होगी सख्ती

काजीरंगा सड़क हादसे में 26 की मौत, मृतकों के परिजनों को मिलेंगे 9-9 लाख रुपये : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने मंत्रियों के साथ घटनास्थल का किया निरीक्षण, बोले- सड़क सुरक्षा नियमों में फिर होगी सख्ती
काजीरंगा/गुवाहाटी, 14 नवंबर 2026/असम.समाचार
विकास शर्मा,
असम के काजीरंगा में हुए भीषण सड़क हादसे में 26 लोगों की मौत के बाद मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने शनिवार को अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान परिवहन मंत्री सहित अन्य मंत्री भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को कुल नौ-नौ लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रत्येक मृतक के परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से पांच लाख रुपये, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से दो लाख रुपये तथा प्रधानमंत्री राहत कोष से दो लाख रुपये दिए जाएंगे। इस प्रकार प्रत्येक मृतक के परिवार को कुल नौ लाख रुपये की सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि आर्थिक सहायता इस अपूरणीय क्षति की भरपाई नहीं कर सकती। राज्य सरकार पीड़ित परिवारों की हरसंभव मदद करेगी।
मुख्यमंत्री ने दुर्घटना के कारणों पर प्रारंभिक जानकारी देते हुए कहा कि सामने आए डैशकैम फुटेज में दिखाई देता है कि सड़क लगभग खाली थी और ट्रैवलर वाहन अचानक दूसरी गाड़ी की ओर बढ़ा, जिससे आमने-सामने की टक्कर हुई। उन्होंने आशंका जताई कि चालक का स्टीयरिंग से नियंत्रण अचानक हट गया था। इसके पीछे हार्ट अटैक, स्ट्रोक, ब्लड शुगर में गिरावट अथवा वाहन में तकनीकी खराबी जैसे कारण हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि इन सभी पहलुओं की पुलिस और चिकित्सकीय जांच कराई जा रही है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त ट्रैवलर में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाया गया था। वाहन में करीब 40 से 41 यात्री सवार थे, जबकि इसकी क्षमता इससे काफी कम थी। उन्होंने यह भी बताया कि संबंधित वाहन को पहले भी दस बार यातायात नियमों के उल्लंघन पर चालान किया जा चुका था। काजीरंगा क्षेत्र में वाहनों की अधिकतम गति सीमा 40 किलोमीटर प्रति घंटा है, लेकिन प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त वाहन 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से चल रहा था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हादसे में वाहन की ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने वाहन मालिकों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कई बार बैंक की किस्त और अधिक कमाई के दबाव में चालकों से तेज गति से वाहन चलाने तथा क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने के लिए कहा जाता है। ऐसी प्रवृत्ति पर रोक लगाना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि हादसे के बाद पोस्टमार्टम प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए गुवाहाटी सहित अन्य स्थानों से विशेषज्ञ चिकित्सकों को बुलाया गया है, ताकि सभी 26 शवों का पोस्टमार्टम जल्द पूरा कर पार्थिव शरीर उनके परिजनों तक पहुंचाया जा सके। जोरहाट मेडिकल कॉलेज में भर्ती घायलों की स्थिति के बारे में उन्होंने बताया कि वहां भर्ती 20 घायलों में से तीन की मौत हो चुकी है। दस की स्थिति स्थिर है, छह आईसीयू में हैं और एक मरीज वेंटिलेटर पर है। गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम भी घायलों के उपचार में सहयोग के लिए जोरहाट पहुंची है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हादसे की जांच जारी है और दुर्घटनाग्रस्त वाहन के चालक के पोस्टमार्टम में विशेष चिकित्सकों को लगाया गया है, ताकि उसकी अचानक तबीयत बिगड़ने की आशंका की भी जांच हो सके। उन्होंने वायरल हो रहे डैशकैम फुटेज को वास्तविक बताते हुए कहा कि पुलिस अधीक्षक ने इसकी प्रामाणिकता की पुष्टि की है।
डॉ. सरमा ने राज्य में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि पिछले दो-तीन वर्षों में सड़क हादसों और मौतों में वृद्धि हुई है। वर्ष 2022-23 में सरकार की सख्त यातायात कार्रवाई के कारण दुर्घटनाओं पर काफी हद तक नियंत्रण पाया गया था, लेकिन बाद में जनता की नाराजगी को देखते हुए नलबाड़ी कैबिनेट में यातायात नियमों के सख्त प्रवर्तन में कुछ ढील दी गई थी। अब मौजूदा हालात को देखते हुए सरकार उस फैसले की दोबारा समीक्षा करेगी।
उन्होंने कहा कि हेलमेट नहीं पहनना, नशे में वाहन चलाना, ओवरलोडिंग, निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन और वाहनों में लगे स्पीड लिमिटर से छेड़छाड़ जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। सरकार को इन पर सख्ती करनी होगी। मुख्यमंत्री ने आम जनता से अपील की कि यातायात नियमों के पालन में सरकार का सहयोग करें, क्योंकि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को रोकना सामूहिक जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि कालीआबोर से बोकाखात तक अस्पतालों और चिकित्सा सुविधाओं की कमी नहीं है। गोलाघाट, जोरहाट और नगांव में मेडिकल कॉलेजों के अलावा कई सरकारी अस्पताल मौजूद हैं। हालांकि, इतनी बड़ी दुर्घटना में एक साथ बड़ी संख्या में घायलों के पहुंचने पर किसी एक अस्पताल के लिए सभी का उपचार करना संभव नहीं होता, इसलिए मरीजों को अलग-अलग अस्पतालों में भेजना पड़ता है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मंत्रियों के बीच पीड़ित परिवारों की सहायता और अस्पतालों की निगरानी की जिम्मेदारी बांटी गई है। उन्होंने स्वयं भी अगले दो-तीन दिनों में सभी मृतकों के घर जाकर शोक संतप्त परिवारों से मिलने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सरकार इस हादसे से सबक लेते हुए सड़क सुरक्षा नियमों को प्रभावी ढंग से लागू करेगी और ओवरलोडिंग तथा तेज रफ्तार के खिलाफ सख्त कदम उठाएगी।
मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वालों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।



