Blogअपराधअसमएक्सक्लूसिव खबरेंथर्ड आईनार्थ-ईस्टप्रशासनराष्ट्रीय

बंगाल के सीमेंट से असम के कारोबार पर चोट! नगांव में ‘बंगाल स्पेशल’ डालमिया सीमेंट की खुलेआम बिक्री का आरोप

कंपनी की मनाही के बावजूद जारी है दूसरे राज्य के लिए निर्धारित सीमेंट का कारोबार, स्थानीय डीलरों की बढ़ी मुश्किलें

विकास शर्मा,

नगांव, 17 नवंबर 2026/असम.समाचार

दूसरे राज्य में बिक्री के लिए निर्धारित सीमेंट असम के बाजार में पहुंचकर स्थानीय कारोबारियों के लिए परेशानी का सबब बनता जा रहा है। नगांव में डालमिया भारत सीमेंट के ऐसे बोरों की बिक्री का मामला सामने आया है, जिन पर साफ शब्दों में ‘फॉर सेल इन बंगाल ओनली’ यानी केवल पश्चिम बंगाल में बिक्री के लिए अंकित है। हैरानी की बात यह है कि कंपनी की ओर से कथित तौर पर आपत्ति जताए जाने और बिक्री रोकने की हिदायत के बावजूद इस सीमेंट की बिक्री बेरोकटोक जारी रहने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार, नगांव जिले के दो व्यापारियों जो हैबरगांव इलाकें से बताया जा रहें जो मुन्ना और गुप्ता नाम से जाने जाते है, पर पश्चिम बंगाल से अपेक्षाकृत कम कीमत पर सीमेंट मंगवाकर नगांव में ऊंचे दामों पर बेचने का आरोप है। इस कारोबार का असर असम में कंपनी के स्थानीय सीमेंट कारोबार और अधिकृत व्यापारियों पर पड़ने की बात सामने आ रही है। स्थानीय व्यापारियों की शिकायत है कि दूसरे राज्य से लाया जा रहा सस्ता सीमेंट बाजार में बिकने के कारण असम में उपलब्ध सीमेंट की बिक्री प्रभावित हो रही है। इससे कंपनी के स्थानीय डीलरों के सामने प्रतिस्पर्धा और व्यापारिक नुकसान की स्थिति पैदा हो रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डालमिया सीमेंट के अधिकारियों द्वारा जांच-पड़ताल किए जाने की जानकारी मिली है। बताया जाता है कि कंपनी के अधिकारियों ने नगांव में इस तरह की बिक्री का पता लगाने के बाद संबंधित व्यापारियों के नाम और मामले की जानकारी अपने मुख्यालय को भेजी है। अधिकारियों ने सीमेंट के बोरों और बिक्री से जुड़े स्थानों की तस्वीरें लेकर कथित तौर पर साक्ष्य भी जुटाए हैं।

इस मामले में सबसे अहम सवाल यह है कि जब सीमेंट की बोरियों पर स्पष्ट रूप से ‘फॉर सेल इन बंगाल ओनली’ लिखा है, तो आखिर यह माल असम के नगांव तक कैसे पहुंच रहा है? कंपनी की आपत्ति के बावजूद इसकी बिक्री पर रोक क्यों नहीं लग पा रही है? और सबसे बड़ा सवाल यह कि असम में कंपनी के अधिकृत कारोबारियों को अपने ही बाजार में दूसरे राज्य के लिए निर्धारित सीमेंट से मुकाबला क्यों करना पड़ रहा है?

सीमेंट की बोरियों पर दर्ज विवरण के अनुसार, यह 50 किलोग्राम का कंपोजिट सीमेंट है। ऐसे में मामला केवल एक उत्पाद की बिक्री तक सीमित नहीं रह जाता, बल्कि अंतरराज्यीय आपूर्ति व्यवस्था, कंपनी की बिक्री नीति और स्थानीय व्यापारियों के हितों से भी जुड़ता दिखाई देता है।

यदि आरोपों की पुष्टि होती है तो इस पूरे प्रकरण की जांच कर संबंधित विभागों को यह भी देखना होगा कि इस कारोबार में कर संबंधी किसी नियम का उल्लंघन तो नहीं हो रहा है। फिलहाल कंपनी मुख्यालय, संबंधित व्यापारियों और राज्य के कर विभाग की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।

बहरहाल, बंगाल में बिकने के लिए तैयार सीमेंट नगांव के बाजार में किस रास्ते पहुंच रहा है, यह जांच का विषय है। लेकिन इस कथित कारोबार ने असम के स्थानीय सीमेंट व्यापारियों के सामने एक नई चुनौती जरूर खड़ी कर दी है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!