
विकास शर्मा,
गुवाहाटी, 15 सितंबर 2026/असम.समाचार
माहेश्वरी सभा, गुवाहाटी के नवीन सत्र की प्रथम वार्षिक साधारण सभा रविवार को आसाम माहेश्वरी भवन में सभा अध्यक्ष सीताराम बिहानी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। सामूहिक महेश वंदना के साथ शुरू हुई सभा में समाज की एकता, संगठनात्मक विस्तार, जनगणना एवं टेलीफोन डायरेक्टरी सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
अध्यक्षीय संबोधन में सीताराम बिहानी ने कहा कि समाज की वास्तविक शक्ति आपसी प्रेम, आत्मीयता, विश्वास और अपनत्व में निहित है। बदलते समय के साथ सामाजिक जीवन एवं पारिवारिक संस्कारों में परिवर्तन आया है। ऐसे में अपनी संस्कृति, परंपराओं और पारस्परिक आत्मीयता को बनाए रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने माहेश्वरी सभा एवं आसाम माहेश्वरी सेवा ट्रस्ट के बीच बेहतर समन्वय एवं सहयोग को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि दोनों संस्थाओं के बीच बढ़ता जुड़ाव समाज की एकजुटता का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि आसाम माहेश्वरी सेवा ट्रस्ट ने आसाम माहेश्वरी भवन के चौथे तल पर माहेश्वरी सभा एवं उसकी शाखा संस्थाओं के कार्यालय के लिए एक बड़ा कक्ष आवंटित किया है।
सभा में लंबे समय से लंबित जनगणना एवं टेलीफोन डायरेक्टरी के पुनर्निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। इस प्रकल्प के लिए रमेश कुमार चांडक को संयोजक तथा प्रभात चांडक को सह-संयोजक बनाया गया है।
सभा अध्यक्ष ने समाज के सभी परिवारों एवं सदस्यों से जनगणना प्रपत्र में पूर्ण विवरण भरकर निर्धारित समय में सभा कार्यालय में जमा कराने का आग्रह किया, ताकि समाज का अद्यतन एवं व्यवस्थित डाटा तैयार किया जा सके।
बिहानी ने समाज में आपसी मतभेद समाप्त कर प्रेम, भाईचारे एवं आत्मीयता के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि त्योहार केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं हैं, बल्कि समाज के बिखरे रिश्तों को जोड़ने और रूठे हुए भाई-बंधुओं को साथ लाने का भी माध्यम हैं।
सभा के दौरान मंत्री सुरेंद्र लाहोटी ने गत वार्षिक साधारण सभा की कार्यवाही का वाचन कर उसे पारित करवाया तथा वर्षभर की गतिविधियों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। कोषाध्यक्ष रमेश कुमार तापड़िया ने आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। सदस्यों ने विभिन्न सामाजिक एवं सांगठनिक विषयों पर विचार-विमर्श कर महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
इस अवसर पर टेलीफोन डायरेक्टरी एवं जनगणना कार्यक्रम के बैनर का विमोचन सभा अध्यक्ष सीताराम बिहानी एवं समाज के वयोवृद्ध सदस्य रामस्वरूप लखोटिया ने किया। प्रकल्प के संयोजक रमेश कुमार चांडक एवं सह-संयोजक प्रभात चांडक ने इसकी रूपरेखा एवं कार्ययोजना की जानकारी दी।
सभा में अध्यक्षीय पुरस्कार के तहत कार्यकारिणी सदस्य मनोज सोमानी को वर्षभर की सक्रिय सहभागिता, अतुलनीय सेवा एवं सहयोग के लिए फूलाम गमछा पहनाकर “सर्वश्रेष्ठ कार्यकर्ता” पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
सभा के अंत में अध्यक्ष सीताराम बिहानी ने सभी समाजबंधुओं के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके बाद सामूहिक भोज का आयोजन हुआ, जिसमें समाजबंधुओं ने स्नेहपूर्ण वातावरण में सामाजिक एवं सांगठनिक विषयों पर चर्चा की।
प्रेस विज्ञप्ति माहेश्वरी सभा, गुवाहाटी के मंत्री सुरेंद्र लाहोटी द्वारा जारी की गई।



