
विकास शर्मा,
गुवाहाटी 9 सितंबर 2026/असम.समाचार
समाजसेवा एवं मानव कल्याण के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय मारवाड़ी सम्मेलन, गुवाहाटी शाखा को नेत्रदान के प्रति जागरूकता फैलाने और इस पुनीत अभियान में उल्लेखनीय योगदान के लिए शंकरदेव नेत्रालय की ओर से सम्मानित किया गया।
प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी शाखा की ओर से नेत्रदान के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने और समाज में इसके प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए गए। शाखा की सेवा भावना और सामाजिक प्रतिबद्धता को देखते हुए शंकरदेव नेत्रालय ने यह सम्मान प्रदान किया।
सम्मान समारोह के दौरान नेत्रदान संयोजक बजरंग सुराना और शाखा सचिव सूरज सिंघानिया उपस्थित रहे। उन्होंने सम्मान को शाखा के सभी सदस्यों तथा नेत्रदान अभियान से जुड़े सहयोगियों के सामूहिक प्रयासों का सम्मान बताया।
इस अवसर पर शाखा पदाधिकारियों ने कहा कि ‘नेत्रदान महादान’ केवल एक संदेश नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद के जीवन में रोशनी लौटाने का महान संकल्प है। एक व्यक्ति का नेत्रदान दो व्यक्तियों के जीवन में दृष्टि का उजाला ला सकता है। समाज में इस पुनीत कार्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
शाखा ने भविष्य में भी नेत्रदान सहित विभिन्न सामाजिक एवं मानव सेवा गतिविधियों को व्यापक स्तर पर संचालित करने और समाज के अधिक से अधिक लोगों को सेवा कार्यों से जोड़ने का संकल्प व्यक्त किया।



