लायंस क्लब ऑफ नगांव ग्रेटर का भव्य शपथ ग्रहण और चार्टर नाइट संपन्न
डॉ. कंचन बाला बोरा बनीं नई अध्यक्ष, कुसुम सेठिया को सेक्रेटरी और सुनीता खेतान को कोषाध्यक्ष का मिला दायित्व

डिंपल शर्मा,
नगांव, 14 जुलाई 2026/असम.समाचार
नगांव की अग्रणी सामाजिक संस्था लायंस क्लब ऑफ नगांव ग्रेटर के नए अध्यक्ष एवं कार्यकारिणी का भव्य शपथ ग्रहण समारोह तथा ‘चार्टर नाइट’ उत्सव यहाँ एक गरिमामयी माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में भारी संख्या में क्लब के सदस्यों और गणमान्य प्रबुद्ध जनों की उपस्थिति रही, जिससे पूरा सभागार खचाखच भरा रहा।

गरिमामयी शुरुआत और सेवा कार्यों का लेखा-जोखा
कार्यक्रम की शुरुआत मंच संचालक आकाश खदरिया द्वारा सभी अतिथियों और सदस्यों को ससम्मान आसन ग्रहण कराने के साथ हुई। इसके बाद निवर्तमान अध्यक्ष सुनील गोयनका ने अपने स्वागत भाषण से सभी का अभिनंदन किया। वहीं, निवर्तमान सचिव रमेश कुमार अग्रवाल ने अपने कार्यकाल की विस्तृत सेक्रेटरी रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए क्लब द्वारा किए गए सेवा कार्यों का लेखा-जोखा सामने रखा।
धूमधाम से मनाई गई चार्टर नाइट
इसके पश्चात क्लब की ‘चार्टर नाइट’ का उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया, जिसका सफल संचालन अनिल शर्मा ने किया। इस विशेष अवसर पर क्लब के वरिष्ठ चार्टर सदस्यों— राम अवतार अग्रवाल, सुनील गोयनका, बजरंग लाल अग्रवाल और बिजय कुमार मंगलूनिया को पारंपरिक फूलाम गमोसा और आकर्षक उपहार देकर सम्मानित किया गया। उत्सव की खुशी में सभी सदस्यों ने मिलकर केक भी काटा।

नई कार्यकारिणी ने ली शपथ, तीन नए सदस्य जुड़े
लायंस के निवर्तमान जिला गवर्नर ललित कुमार कोठारी इस समारोह के मुख्य अतिथि और इंस्टालेशन ऑफिसर के रूप में उपस्थित थे। उन्होंने अपने सारगर्भित और प्रेरणादायी संबोधन में लायंस क्लब के वैश्विक सेवा कार्यों पर प्रकाश डाला। इस मौके पर तीन नए सदस्यों— बेदब्रत देव गोस्वामी, रश्मि अग्रवाल और विष्णु अग्रवाल को क्लब की सदस्यता की शपथ दिलाई गई।
मुख्य अतिथि ललित कुमार कोठारी ने नई कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। निवर्तमान अध्यक्ष सुनील गोयनका ने औपचारिक रूप से नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. कंचन बाला बोरा को क्लब का कार्यभार सौंपा। क्लब की नई सेक्रेटरी कुसुम सेठिया और कोषाध्यक्ष सुनीता खेतान ने भी अपना-अपना पदभार ग्रहण किया। इस दौरान उपस्थित विभिन्न लायंस क्लबों के प्रतिनिधियों ने मंच पर आकर नई अध्यक्ष और उनकी टीम को बधाई दी व सम्मानित किया।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले सदस्य हुए सम्मानित
समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सदस्यों को अवार्ड्स देकर नवाजा गया। निवर्तमान जिला गवर्नर ललित कुमार कोठारी ने वरिष्ठ सदस्य बजरंग लाल अग्रवाल और विजय कुमार मंगलूनिया को उनके संगठन के प्रति समर्पण के लिए बेहद प्रतिष्ठित 55 वर्षीय सदस्यता पिन और प्रमाण पत्र प्रदान किया।
निवर्तमान अध्यक्ष सुनील गोयनका ने अपने कार्यकाल के दौरान बेहतरीन सहयोग के लिए कई सदस्यों को पुरस्कार बांटे। इसमें क्लब के सर्वश्रेष्ठ सम्मान ‘लॉयन ऑफ द ईयर अवार्ड’ से आकाश खदरिया और सुनीता खेतान को संयुक्त रूप से नवाजा गया। साथ ही ललित कुमार कोठारी को ‘गाइडिंग लॉयन अवार्ड’ से सम्मानित किया गया।

पूरे कार्यक्रम के दौरान आकाश खदरिया द्वारा किया गया सुंदर और जीवंत मंच संचालन आकर्षण का केंद्र रहा। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगान के साथ इस भव्य समारोह का समापन हुआ।



