Blogअसमएक्सक्लूसिव खबरेंथर्ड आईनार्थ-ईस्टप्रशासनमुद्दा गरम हैमौसमराष्ट्रीयलेटेस्ट खबरेंवन

खांडोंग बांध के सभी स्पिलवे गेट खुले, कोपिली नदी किनारे रहने वालों को अलर्ट

अमितेश मंडल,

उमरांगसो, 18 जून 2026/असम.समाचार

दीमा हसाओ जिले के उमरांगसो स्थित नॉर्थ ईस्टर्न इलेक्ट्रिक पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (NEEPCO) की खांडोंग जलविद्युत परियोजना से जुड़ी एक महत्वपूर्ण सूचना ने कोपिली नदी तटवर्ती क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी है। लगातार हो रही भारी वर्षा के कारण खांडोंग बांध का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिसके मद्देनजर परियोजना प्रबंधन ने प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को विशेष चेतावनी जारी की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार खांडोंग बांध का फुल रिजर्वायर लेवल (एफआरएल) 725.00 मीटर निर्धारित है, जबकि वर्तमान जलस्तर लगभग 720.20 मीटर तक पहुंच गया है। जलस्तर में लगातार वृद्धि को देखते हुए बांध के सभी स्पिलवे गेट खोल दिए गए हैं, ताकि अतिरिक्त पानी की निकासी की जा सके।

विशेषज्ञों का मानना है कि गेट खोले जाने के बाद कोपिली नदी के जलस्तर में अचानक वृद्धि हो सकती है। इसी कारण प्रशासन ने नदी किनारे और निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

नीपको तथा जिला प्रशासन ने लोगों को सलाह दी है कि वे अनावश्यक रूप से नदी के किनारे न जाएं, मछली पकड़ने या अन्य गतिविधियों से परहेज करें तथा अपने पशुधन को भी सुरक्षित स्थानों पर रखें। साथ ही प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।

फिलहाल प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। लगातार बारिश को देखते हुए आने वाले दिनों में भी लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की गई है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!