गुरु धारणा से जुड़ा दंपति, आध्यात्मिक संकल्प का बना साक्षी समाज

डिंपल शर्मा,
नगांव 18 जून 2026/असम.समाचार
आज के दौर में जहां युवा पीढ़ी आधुनिकता की ओर तेजी से बढ़ रही है, वहीं कुछ लोग आध्यात्मिक मूल्यों को अपनाकर समाज के लिए प्रेरणा बन रहे हैं। ऐसा ही एक प्रेरणादायी दृश्य उस समय देखने को मिला जब तेरापंथ धर्मसंघ के एकादशम अधिशास्ता आचार्य महाश्रमण के विद्वान सुशिष्य मुनि आनंद कुमार ‘कालू’ के सान्निध्य में डूमडूमा निवासी अंकित कुमार भंसाली एवं उनकी धर्मपत्नी भास्वती बोरा भंसाली ने गुरु धारणा ग्रहण कर धर्मसंघ के प्रति अपनी अटूट आस्था और समर्पण व्यक्त किया।
अंकित कुमार भंसाली, जो राजेन्द्र कुमार भंसाली एवं श्रीमती संजू भंसाली के सुपुत्र हैं, ने अपनी जीवनसंगिनी के साथ इस आध्यात्मिक संकल्प को स्वीकार करते हुए धर्ममय जीवन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया। इस अवसर पर उपस्थित श्रावक-श्राविकाओं ने इसे केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि संस्कारों और जीवन मूल्यों को सशक्त करने वाला प्रेरक क्षण बताया।
अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में मुनि आनंद कुमार ‘कालू’ ने कहा कि गुरु धारणा व्यक्ति को सदाचार, संयम और आत्मविकास की राह पर अग्रसर करती है। उन्होंने कहा कि गुरु के मार्गदर्शन में चलकर मनुष्य अपने जीवन को सार्थकता और सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकता है।
इस आध्यात्मिक अवसर पर दंपति के संकल्प की अनुमोदना करते हुए उनके मंगलमय एवं धर्ममय जीवन की कामना की गई। कार्यक्रम में डूमडूमा, धींग बाजार, मोरियाबाड़ी, नगांव तथा गुवाहाटी सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रावक समाज की उपस्थिति रही, जिससे वातावरण श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत हो उठा।



