अरुणाचल सरकार लिखी बोलेरो ट्रक से टकराई, चार लोगों की दर्दनाक मौत

अमृत कुमार,
गुवाहाटी/डिमोरिया, 29 मई 2026/असम.समाचार
असम के डिमोरिया इलाके में शुक्रवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा तेतेलिया के 22 माइल स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ, जहां अरुणाचल प्रदेश सरकार लिखी एक तेज रफ्तार बोलेरो वाहन खड़े ट्रक से जा टकराई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बोलेरो वाहन (नंबर AR 01 Q 0042) जागीरोड की ओर से आ रही थी। बताया जा रहा है कि वाहन काफी तेज गति में था। इसी दौरान चालक ने नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे खड़े ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भयावह थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चार लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतकों में तीन पुरुष और एक महिला शामिल हैं।
सूत्रों के मुताबिक, वाहन पर “Govt of Arunachal” लिखा हुआ था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि मृतक अरुणाचल प्रदेश के निवासी हो सकते हैं। हालांकि समाचार लिखे जाने तक मृतकों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।



