रेलवे स्टेशन पर ‘गोल्डन गेम’ का पर्दाफाश, 50 लाख के सोने संग तस्कर गिरफ्तार

विकास शर्मा,
गुवाहाटी, 11 मई 2026/असम.समाचार
कामाख्या रेलवे स्टेशन पर सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब जीआरपी की टीम ने एक बड़े सोना तस्करी रैकेट का पर्दाफाश करते हुए भारी मात्रा में सोना बरामद किया। फिल्मी अंदाज में चले इस अभियान में पुलिस ने करीब 50 लाख रुपये मूल्य का सोना जब्त कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार, कामाख्या रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर जीआरपी थाना प्रभारी यादव चेतिया के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से 11 टुकड़ों में छिपाकर रखा गया कुल 336 ग्राम सोना बरामद हुआ।
पुलिस के मुताबिक पकड़ा गया व्यक्ति बिहार के पटना निवासी 55 वर्षीय अशोक प्रसाद है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह बिहार से सोना लेकर गुवाहाटी में बिक्री करने पहुंचा था। हालांकि, इससे पहले ही रेलवे पुलिस की नजर उस पर पड़ गई और पूरा ‘गोल्डन प्लान’ स्टेशन पर ही धरा रह गया।
जीआरपी सूत्रों के अनुसार, बरामद सोने की बाजार कीमत लगभग 50 लाख रुपये आंकी गई है। फिलहाल आरोपी को रेलवे पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी नेटवर्क के पीछे और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
रेलवे स्टेशन पर दिनदहाड़े हुई इस कार्रवाई की चर्चा पूरे शहर में बनी हुई है।


