NSA की अवधि समाप्त, अमृतपाल सिंह को लेकर असम से पंजाब तक हलचल
डिब्रूगढ़ केंद्रीय जेल में कड़ी सुरक्षा के बीच रखा गया; आगे की कार्रवाई पर असमंजस

दिनेश दास,
डिब्रूगढ़ 22 अप्रैल 2026/असम.समाचार
असम के डिब्रूगढ़ स्थित केंद्रीय कारागार में बंद ‘वारिस पंजाब दे’ संगठन के प्रमुख अमृतपाल सिंह की राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत हिरासत की अवधि आज, बुधवार रात 12 बजे समाप्त हो रही है। इसके साथ ही यह सवाल खड़ा हो गया है कि अब उन्हें जेल में ही रखा जाएगा या पंजाब वापस ले जाया जाएगा।
गौरतलब है कि 23 अप्रैल 2023 को पंजाब से गिरफ्तार कर अमृतपाल सिंह को उनके 9 सहयोगियों के साथ डिब्रूगढ़ केंद्रीय जेल लाया गया था। सभी को NSA के तहत निरुद्ध किया गया था। हालांकि, उनके 9 सहयोगियों की NSA अवधि बढ़ाई नहीं गई थी, जिसके बाद उन्हें पहले ही पंजाब वापस भेज दिया गया।
इधर, अमृतपाल सिंह की हिरासत अवधि समाप्त होने के मद्देनज़र पंजाब पुलिस की एक टीम डिब्रूगढ़ में डेरा डाले हुए है। संभावित कानूनी प्रक्रिया को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है।
फिलहाल प्रशासन की ओर से इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है कि NSA की अवधि समाप्त होने के बाद अमृतपाल सिंह को यहीं रखा जाएगा या उन्हें पंजाब ले जाया जाएगा। मामले को लेकर असम और पंजाब दोनों ही राज्यों में हलचल तेज हो गई है।



