शिवसागर के दो मसाज पार्लर में पुलिस का छापा : 3 युवती, 3 ग्राहक और 2 पार्लर मालिकों समेत कुल 8 हिरासत में
मसाज पार्लर की आड़ में अनैतिक कार्यकलाप चलने के संदेह में एएसपी के नेतृत्व में कार्रवाई : ओएनजीसी अधिकारी भी शामिल

केशव पारीक,
शिवसागर 22 अप्रैल 2026/असम.समाचार
शिवसागर पुलिस ने आज दिनदहाड़े ही बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के दो यूनिसेक्स मसाज पार्लर में छापेमारी की। जिले के एएसपी क्राइम मयदुल इस्लाम के नेतृत्व में शहर के बी. जी. रोड स्थित एम-वन और के. पी. चाराली स्थित ओ-टू नाम के दो यूनिसेक्स स्पा सेंटर और मसाज पार्लर में अवैध रूप से देह व्यापार चलने के संदेह में पुलिस द्वारा यह औचक अभियान चलाया गया।
पुलिस की दो अलग अलग टीमों ने एक ही समय पर दोनों पार्लरों में छापेमारी की। इस कार्रवाई में 3 युवतियों, 3 ग्राहकों और दोनों यूनिसेक्स पार्लर के मालिकों समेत कुल 8 लोगों को हिरासत में लिया गया है। हिरासत में लिए गए लोगों में बाहरी राज्य का एक ओएनजीसी अधिकारी और अरुणाचल प्रदेश की एक युवती भी शामिल है।

सभी आरोपियों को शिवसागर सदर थाने लाया गया है। जहां पुलिस के उनसे पूछताछ कर रहे हैं।
एएसपी मयदुल इस्लाम ने मीडिया को बताया कि शहर के कुछ यूनिसेक्स स्पा सेंटर और मसाज पार्लर में कथित तौर पर अनैतिक कार्यकलाप चलने की शिकायतें मिल रही थी।
उन्होंने कहा कि विगत कुछ समय से शिवसागर जिले में किसी भी तरह के असामजिक अनैतिक कार्यकलाप संचालित न हो इसके लिए इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने दोनों पार्लर में अंडर कवर बोगस ग्राहक बनाकर भेजे थे।
उन्होंने बताया कि नियमानुसार यूनिसेक्स पार्लर में अलग से केबिन नहीं होने चाहिए। यूनिसेक्स पार्लर में सेपरेट कंपार्टमेंट बना होना ही संदेहजनक बात है। जैसे ही पुष्टि हुई पुलिस की दो अलग अलग टीमों ने एक ही समय में दोनों पार्लर में एक साथ दबिश दी।
उन्होंने बताया कि मौके से किसी को असंयत अवस्था में नहीं पाया गया। वहीं पार्लर से कोई आपत्तिजनक सामान भी बरामद नहीं हुए है। उन्होंने कहा कि शहर सहित जिले के अन्य यूनिसेक्स पार्लरों की भी जांच की जा रही है।
एएसपी मयदुल इस्लाम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यूनिसेक्स स्पा सेंटर और मसाज पार्लर की आड़ में अवैध रूप से चलने वाली अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ शिवसागर पुलिस का अभियान जारी रहेगा।



