लंका मैदान में हिमंत का चुनावी ‘विकास पाठ’, योजनाओं और वादों से साधा मतदाताओं को
चुनावी माहौल के बीच मुख्यमंत्री की इन घोषणाओं ने सभा में मौजूद समर्थकों में उत्साह भर दिया, वहीं विपक्ष के लिए भी राजनीतिक संदेश स्पष्ट कर दिया कि भाजपा चुनावी मैदान में विकास और योजनाओं के मुद्दे के साथ उतरने की तैयारी में है।

निरंजन सरावगी,
होजाई, 25 मार्च 2026/असम.समाचार
विधानसभा चुनाव 2026 के मद्देनज़र मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने मंगलवार को होजाई जिले के लामडिंग क्षेत्र के लंका शहर स्थित ऐतिहासिक लंका खेल संघ मैदान और होजाई विधानसभा क्षेत्र के राजागांव में चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया। इन सभाओं में उन्होंने विकास योजनाओं, नई घोषणाओं और चुनावी वादों के जरिए मतदाताओं को साधने की कोशिश की।
सभा में काजीरंगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद कामाख्या प्रसाद तासा, लामडिंग के वर्तमान विधायक और भाजपा उम्मीदवार शिवु मिश्रा, होजाई से भाजपा प्रत्याशी शिलादित्य देव, जिला अध्यक्ष दिलीप धर सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
जनसभा की शुरुआत विधायक शिवु मिश्रा के स्वागत भाषण से हुई, जिसके बाद सांसद कामाख्या प्रसाद तासा ने अपने संबोधन में केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख किया। इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा मंच पर पहुंचे और दोनों हाथ उठाकर जनता का अभिवादन किया। उन्होंने बसंती पूजा के महाअष्टमी की शुभकामनाएं भी दीं।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने भाजपा को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील करते हुए कहा कि यदि राज्य में फिर से भाजपा सरकार बनती है तो जिन लोगों को अभी तक अरुणोदय योजना का लाभ नहीं मिला है, उन्हें अगले चरण में इस योजना से जोड़ा जाएगा। साथ ही निजुत मैना और बाबू योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता राशि भी बढ़ाई जाएगी।
उन्होंने शिक्षा क्षेत्र से जुड़े कई वादे करते हुए कहा कि अब कक्षा 9 के साथ-साथ कक्षा 5 के छात्र-छात्राओं को भी साइकिल दी जाएगी। इसके अलावा राशन व्यवस्था में दाल, चीनी और नमक के साथ खाद्य तेल भी उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने रोजगार के मुद्दे पर विपक्ष को घेरते हुए कहा कि पिछले चुनाव से पहले उन्होंने एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का वादा किया था, लेकिन सरकार ने 1 लाख 60 हजार युवाओं को रोजगार देकर यह साबित कर दिया कि भाजपा अपने वादे निभाती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अगली बार सरकार बनने पर दो लाख बेरोजगार युवाओं को नौकरी दी जाएगी।
उन्होंने शिक्षा को लेकर एक बड़ा आश्वासन देते हुए कहा कि भविष्य में नर्सरी से लेकर विश्वविद्यालय तक की पढ़ाई का खर्च सरकार वहन करेगी, ताकि अभिभावकों को आर्थिक चिंता न करनी पड़े।
सभा के दौरान क्षेत्र के विकास को लेकर कई घोषणाएं भी की गईं। मुख्यमंत्री ने कहा कि होजाई जिले में एक मेडिकल कॉलेज स्थापित किया जाएगा, जबकि लंका कॉलेज में विज्ञान शाखा खोली जाएगी। इसके अलावा लंका और काकी में स्टेडियम निर्माण, लंका शहर में एक आधुनिक एयरकंडीशंड ऑडिटोरियम बनाने और क्षेत्र के सांस्कृतिक विकास को बढ़ावा देने की भी घोषणा की।
राजागांव की सभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां एक महाविद्यालय की स्थापना के साथ-साथ सड़कों का उन्नयन किया जाएगा और होजाई से राजागांव तक सीधा मार्ग तैयार कराया जाएगा।
चुनावी माहौल के बीच मुख्यमंत्री की इन घोषणाओं ने सभा में मौजूद समर्थकों में उत्साह भर दिया, वहीं विपक्ष के लिए भी राजनीतिक संदेश स्पष्ट कर दिया कि भाजपा चुनावी मैदान में विकास और योजनाओं के मुद्दे के साथ उतरने की तैयारी में है।



