तेजपुर पुलिस ने पाकिस्तानी जासूसी एजेंसी से संबंध के आरोप में पूर्व वायुसेना अधिकारी को किया गिरफ्तार

हेमंत कुमार नाथ
तेजपुर 13 दिसंबर 2025/असम.समाचार
तेजपुर पुलिस ने भारतीय वायुसेना के एक सेवानिवृत्त अधिकारी को पाकिस्तानी जासूसी एजेंसी से संबंध रखने के गंभीर आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान कुलेंद्र शर्मा के रूप में हुई है, जो तेजपुर के पाटियाचुबुरी का निवासी बताया गया है। पुलिस ने उसे केस संख्या 785/2025 के तहत हिरासत में लिया है और मामले की गहन जांच जारी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुलेंद्र शर्मा भारतीय वायुसेना के तेजपुर एयरफोर्स स्टेशन में जूनियर वारंट ऑफिसर के पद पर कार्यरत था और वर्ष 2002 में सेवानिवृत्त हुआ था। वायुसेना से रिटायरमेंट के बाद वह तेजपुर विश्वविद्यालय के इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग में कार्यरत रहा, जहां से बाद में उसने सेवानिवृत्ति ली।
आरोप है कि उसने गुप्त रूप से संवेदनशील जानकारियां एक पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी तक पहुंचाईं। जांच के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से एक लैपटॉप और एक मोबाइल फोन जब्त किया है, जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
तेजपुर पुलिस के अनुसार, आरोपी को आज तेजपुर की अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस मामले में कोई और व्यक्ति या नेटवर्क शामिल है या नहीं।



