असमएक्सक्लूसिव खबरेंगुवाहाटीतीसरी आंखप्रशासनराष्ट्रीयलेटेस्ट खबरें

लाचित घाट में रोमांचक एयर शो, भारतीय वायु सेना के कौशल का शानदार प्रदर्शन

विकास जोशी

गुवाहाटी, 9 नवम्बर 2025/असम.समाचार

93वें भारतीय वायु सेना दिवस के अवसर पर आज लाचित घाट में आयोजित शानदार एयर शो में असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने भारतीय वायु सेना के पराक्रम और कौशल का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा तथा वायु सेना प्रमुख एयर चीफ़ मार्शल अमर प्रीत सिंह भी मौजूद रहे।

एयर शो में सी-17 विमान की गगनभेदी गर्जना, स्वदेशी तेजस की उड़ान, मिराज-2000 की तीव्र रफ्तार और राफेल की सटीकता ने उपस्थित जनसमूह को रोमांचित किया। राज्यपाल ने इस अवसर पर कहा कि भारतीय वायु सेना की यह अद्भुत प्रस्तुति भारत की शक्ति, आत्मविश्वास और गौरव को अभिव्यक्त करती है।

राज्यपाल श्री आचार्य ने कहा, “वायु सेना के शूरवीर जवानों की अनुशासन, निष्ठा और कौशल की यह भव्य मिसाल हर भारतीय को गर्व, सुरक्षा और देशभक्ति की भावना से भर देती है। हमारे वीर सेनानियों ने आकाश में उत्कृष्टता का जो परिचय दिया है, वह देश की सामरिक क्षमता और मनोबल का प्रतीक है।”

राज्यपाल ने भारतीय वायु सेना को इस सफल आयोजन हेतु बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन नागरिकों और सेनाओं के बीच संबंधों को और प्रगाढ़ करते हैं तथा युवाओं को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करते हैं।

अंत में राज्यपाल ने भारतीय वायु सेना को राष्ट्र के प्रति उनके सतत योगदान के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!