धर्म और आस्थामेघालय

शिलांग:बाबा रामदेव जी महाराज का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया

सुशील दाधीच

शिलांग, 2 सितंबर 2025/असम.समाचार

अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन, शाखा शिलांग के तत्वावधान में मंगलवार को श्री महादेव खोला धाम में बाबा रामदेव जी महाराज का जन्मोत्सव एवं तेजा दशमी पर्व बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।

पूजा-अर्चना एवं ज्योत प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने इस अवसर पर भाग लेकर बाबा रामदेव जी से सुख-समृद्धि की कामना की। गुवाहाटी से आए भजन गायक विनोद शर्मा और जगदीश महतो सहित अन्य कलाकारों ने भजनों की मधुर प्रस्तुतियों से वातावरण को भक्ति-भाव से सराबोर कर दिया। पूरा प्रांगण जयकारों और तालियों की गूंज से प्रफुल्लित रहा।

मंदिर और बाबा की प्रतिमाओं का विशेष पुष्प सज्जा द्वारा श्रृंगार किया गया। समिति की अध्यक्षा श्रीमती कनक गोयल सहित पुष्पा बजाज, पिंकी चचान, रितु अग्रवाल, सीमा चचान, संदीपा जालेवा एवं अन्य सदस्याओं ने श्रद्धालुओं का स्वागत व सम्मान किया।

शिलांग की वादियों में स्थित प्राचीन महादेव खोला धाम आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां प्रतिवर्ष हजारों श्रद्धालु दर्शन हेतु आते हैं। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर समिति की ओर से सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!