बाबा बैद्यनाथ धाम मार्ग पर 27वां निःशुल्क सेवा शिविर 27 जुलाई से
संस्था के सदस्यों ने शिविर को सफल बनाने के लिए तन, मन और धन से सहयोग देने का संकल्प लिया। बैठक के अंत में सचिव शंकरलाल बिड़ला ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि समाज के सहयोग से 27वां निःशुल्क सेवा शिविर श्रद्धा, सेवा और संगठन का उत्कृष्ट उदाहरण बनेगा।

विकास शर्मा,
गुवाहाटी, 5 जून 2026/असम.समाचार(फ़ाइल फ़ोटो)
असम धर्मशाला, गुवाहाटी की नवगठित कार्यकारिणी (2026-29) की पहली बैठक श्री गोहाटी गोशाला परिसर में अध्यक्ष सुशील कुमार गोयल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संस्था के चेयरमैन दीनदयाल सिवोटिया, वरिष्ठ सलाहकार, पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य तथा समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
बैठक की शुरुआत कार्यकारिणी सदस्य स्वर्गीय पवन कुमार जालान के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त करते हुए दो मिनट का मौन रखकर की गई। इसके बाद पिछली बैठक की कार्यवाही का अनुमोदन किया गया तथा नवगठित कार्यकारिणी का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
बैठक में बाबा बैद्यनाथ धाम मार्ग स्थित गुढ़ियारी, हरखाड़ में आयोजित होने वाले 27वें निःशुल्क सेवा शिविर-2026 की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि इस वर्ष शिविर को अधिक भव्य एवं सुव्यवस्थित स्वरूप दिया जाएगा। इसके लिए धर्मशाला परिसर में साफ-सफाई, रंग-रोगन, मरम्मत तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएंगी।
इस अवसर पर वरिष्ठ सलाहकार रामअवतार सिखवाल को 27वें सेवा शिविर का संयोजक नियुक्त किया गया। उपस्थित सदस्यों ने उनका स्वागत करते हुए सफल संचालन के लिए शुभकामनाएं दीं।
बैठक में यह भी तय किया गया कि सेवा शिविर 27 जुलाई 2026 से शुरू होकर पूरे श्रावण मास तक संचालित रहेगा। शिविर में बाबा बैद्यनाथ धाम की यात्रा पर जाने वाले कांवड़ियों के लिए निःशुल्क आवास, चिकित्सा सुविधा, मालिश सेवा, स्नानघर, शौचालय, शुद्ध पेयजल, नींबू पानी, नींबू चाय तथा भीगा हुआ काबुली चना सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
संस्था के सदस्यों ने शिविर को सफल बनाने के लिए तन, मन और धन से सहयोग देने का संकल्प लिया। बैठक के अंत में सचिव शंकरलाल बिड़ला ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि समाज के सहयोग से 27वां निःशुल्क सेवा शिविर श्रद्धा, सेवा और संगठन का उत्कृष्ट उदाहरण बनेगा।



