नगांव:बोरकुंडली में ‘डकैती मिशन’ फेल, पुलिस मुठभेड़ में गिरा मोरीकलँग कांड का मास्टरमाइंड
जिस इलाके में कभी देर रात सिर्फ सन्नाटा सुनाई देता था, वहां अब अपराधियों के गिरोहों की गतिविधियां पुलिस के लिए नई चुनौती बनती जा रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल के महीनों में रात के समय संदिग्ध आवाजाही बढ़ी थी, जिससे ग्रामीणों में डर का माहौल बना हुआ था। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है, लेकिन फरार बदमाशों को लेकर चिंता अब भी बरकरार है।

विकास शर्मा,
गुवाहाटी, 26 मई 2026/असम.समाचार
नगांव पुलिस ने डकैती की बड़ी वारदात को टालते हुए सोमवार देर रात एक कार्रवाई में कुख्यात अपराधी को मुठभेड़ में मार गिराया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि पुलिस की कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का दौर भी तेज हो गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, नगांव थाना अंतर्गत रंगालू पुलिस चौकी के बोरकुंडली मिकिरपार इलाके में कुछ बदमाशों द्वारा डकैती की तैयारी किए जाने की विश्वसनीय सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही नगांव थाना की टीम ने इलाके में विशेष अभियान चलाया।
बताया गया है कि पुलिस टीम को देखते ही पांच संदिग्ध अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि एक बदमाश ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस दल पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने आत्मरक्षा के अधिकार का प्रयोग करते हुए नियंत्रित जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बदमाश को तत्काल नगांव मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान मोनी उर्फ खैरूल अली के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक वह करीब एक माह पहले हुए चर्चित मोरीकलँग डकैती कांड का मुख्य आरोपी था। उसके पास से एक 7.65 एमएम पिस्तौल तथा दो खाली कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मोनी उर्फ खैरूल अली नगांव और लखीमपुर जिलों में डकैती तथा लूटपाट के कई मामलों में वांछित था। पुलिस अब फरार पांच अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
जिस इलाके में कभी देर रात सिर्फ सन्नाटा सुनाई देता था, वहां अब अपराधियों के गिरोहों की गतिविधियां पुलिस के लिए नई चुनौती बनती जा रही हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल के महीनों में रात के समय संदिग्ध आवाजाही बढ़ी थी, जिससे ग्रामीणों में डर का माहौल बना हुआ था। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है, लेकिन फरार बदमाशों को लेकर चिंता अब भी बरकरार है।



