गुवाहाटी की निष्ठा बोथरा को नव्या लेडीज क्लब ने किया सम्मानित
सीए फाइनल में राष्ट्रीय द्वितीय रैंक प्राप्त कर पूर्वोत्तर को दिलाया गौरव

गुवाहाटी, 13 जुलाई (असम.समाचार)
युवतियों एवं महिलाओं को शिक्षित, स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्यरत नव्या लेडीज क्लब द्वारा चार्टर्ड अकाउंटेंसी परीक्षा में राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय सफलता अर्जित करने वाली निष्ठा बोथरा को सम्मानित किया गया।

निष्ठा बोथरा ने अखिल भारतीय स्तर पर द्वितीय तथा पूर्वी भारत में प्रथम स्थान प्राप्त कर सीए फाइनल परीक्षा उत्तीर्ण की है। इस ऐतिहासिक सफलता से न केवल असम, बल्कि पूरे समाज का नाम राष्ट्रीय पटल पर रोशन हुआ है।
उनकी इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में क्लब की ओर से आयोजित एक विशेष समारोह में निष्ठा को फूलाम गमछा व प्रशस्ति पत्र प्रदान कर अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर क्लब की अध्यक्ष ज्योति भूत, सचिव रितु अग्रवाल, कोषाध्यक्ष मीनाक्षी शर्मा तथा पूर्व अध्यक्ष कुसुम जैन समेत क्लब की कई सदस्याएँ उपस्थित रहीं। सभी ने निष्ठा की उपलब्धि को युवतियों के लिए प्रेरणास्पद बताया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
क्लब सदस्यों ने आशा जताई कि निष्ठा की यह उपलब्धि समाज की अन्य युवतियों को भी अपने लक्ष्य के प्रति दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।



