रतन शर्मा बोले-एक संदेश पर उमड़ा समाज, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के स्वागत में दिखी एकता की ताकत

विकास शर्मा,
गुवाहाटी, 13 मई 2026/असम.समाचार
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गुवाहाटी आगमन पर हुए भव्य स्वागत समारोह के बाद राजस्थान फाउंडेशन (असम एवं पूर्वोत्तर चैप्टर) के अध्यक्ष रतन शर्मा ने सभी असमवासियों एवं गुवाहाटीवासियों का हृदय से आभार व्यक्त किया है।
रतन शर्मा ने कहा कि बेहद कम समय में केवल एक संदेश पर समाजबंधुओं का बड़ी संख्या में एकत्रित होना समाज की एकता, प्रेम और संगठन की ताकत को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि बिना किसी व्यक्तिगत फोन कॉल के मात्र 3–4 घंटे के भीतर लोगों का इस प्रकार उत्साहपूर्वक स्वागत कार्यक्रम में शामिल होना पूरे समाज के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने कहा कि समाज के लोगों का सहयोग, अपनापन और सहभागिता ही सबसे बड़ी पूंजी है। इसी एकजुटता के बल पर भविष्य में समाज के लिए मजबूत संगठन एवं बेहतर कार्य किए जा सकते हैं।
रतन शर्मा ने आगे भी सभी से इसी प्रकार साथ और सहयोग बनाए रखने की अपील करते हुए सभी का हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया।


