जेसीआई बरपेटा रोड की वार्षिक सभा में नई कार्यकारिणी गठित, मुस्कान जैन अध्यक्ष निर्वाचित
गुंजन शर्मा सचिव और अभिषेक जैन कोषाध्यक्ष चुने गए, सामाजिक सेवा एवं सदस्य सशक्तीकरण पर रहेगा जोर


ओपी शर्मा,
बरपेटा रोड, 14 अक्टूबर 2026/असम.समाचार
जेसीआई बरपेटा रोड की वार्षिक सामान्य सभा एवं अध्यक्षीय चुनाव प्रक्रिया सोमवार को द तड़का हॉल में उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई। सभा में वर्ष 2027 के लिए जेसी मुस्कान जैन को अध्यक्ष, जेसी गुंजन शर्मा को सचिव और जेसी अभिषेक जैन को कोषाध्यक्ष सर्वसम्मति से निर्वाचित घोषित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंचासीन पदाधिकारियों के स्वागत के साथ हुआ। वर्तमान अध्यक्ष जेसी आयुषी केडिया ने स्वागत उद्बोधन दिया। सचिव जेसी आशा सराफ ने वर्षभर की गतिविधियों एवं उपलब्धियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जबकि कोषाध्यक्ष जेसी रितिका चौधरी ने वित्तीय विवरण सभा के समक्ष रखा। दोनों प्रतिवेदनों को सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया।
निर्वाचन प्रक्रिया का संचालन नामांकन समिति की अध्यक्ष एवं निवर्तमान अध्यक्ष जेसी राधिका मोर ने किया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष मुस्कान जैन ने अपनी नई टीम की घोषणा करते हुए विभिन्न पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपीं। आयुषी केडिया को निवर्तमान अध्यक्ष, श्वेता बांठिया को उपाध्यक्ष (ग्रोथ एंड डेवलपमेंट), आशा सराफ को उपाध्यक्ष (कम्युनिटी एंड डेवलपमेंट), रितिका चौधरी को उपाध्यक्ष (मैनेजमेंट), दिव्या सराफ को उपाध्यक्ष (पीआर एवं सोशल मीडिया), अंजनी कुमार जाजोदिया को उपाध्यक्ष (पीआर एवं न्यूज मीडिया), प्रीति धीरासरिया को उपाध्यक्ष (ट्रेनिंग) तथा अतुल तुलस्यान को उपाध्यक्ष (बिजनेस) का दायित्व सौंपा गया।
वहीं, निदेशक मंडल में नेहा झुनझुनवाला, गरिमा मालू, निशा खेमका, पूजा दुधोड़िया एवं पिंकी हरलालका को शामिल किया गया।
अपने स्वीकृति संबोधन में नवनिर्वाचित अध्यक्ष मुस्कान जैन ने सदस्यों के विश्वास एवं समर्थन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नई ऊर्जा, समर्पण और नवीन योजनाओं के साथ संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने संगठनात्मक एकता को मजबूत करने, प्रभावी सामाजिक परियोजनाओं को बढ़ावा देने और सदस्यों के सशक्तीकरण पर विशेष ध्यान देने का संकल्प लिया। साथ ही सभी सदस्यों से सक्रिय सहभागिता एवं सहयोग की अपील की।
इस अवसर पर नवनिर्वाचित अध्यक्ष, सचिव एवं कोषाध्यक्ष का अभिनंदन किया गया। सदस्यों ने निवर्तमान अध्यक्ष आयुषी केडिया के योगदान एवं उनकी आत्मीय पहल की सराहना की।
सभा में पिंकी सराफ, ममता बांठिया, स्नेहा खेमका, पूजा दुधोड़िया, सुमित खेमका, रोहन केडिया, गिरधारी सराफ, अमित धीरासरिया, सुमित दुधोड़िया एवं रितु सुरेखा धीरासरिया सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। मनोरंजक गतिविधियों और खेलों ने आयोजन को जीवंत बना दिया।
आयुषी केडिया की ओर से आयोजित रात्रिभोज के दौरान सदस्यों के बीच स्नेह, सम्मान एवं मैत्री का माहौल देखने को मिला, जिससे आपसी सौहार्द और मजबूत हुआ।
अंत में सचिव जेसी आशा सराफ ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। इसके साथ ही वार्षिक सामान्य सभा का समापन हुआ।



