बड़ी खबर : असम के लोकप्रिय गायक जुबीन गर्ग का निधन

ब्यूरो रिपोर्ट
गुवाहाटी 19 सितंबर 2025/असम.समाचार
सिंगापुर से आई एक चौंकाने वाली खबर ने पूरे असम को झकझोर दिया है। चर्चित गायक और संगीतकार जुबीन गर्ग के निधन की सूचना ने उनके चाहने वालों को गहरे सदमे में डाल दिया है। बताया जा रहा है कि वे सिंगापुर में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने गए थे और इसी दौरान स्कूबा डाइविंग करते समय दुर्घटना का शिकार हो गए।
रिपोर्ट्स के अनुसार, गर्ग को गंभीर हालत में अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उनकी स्थिति बिगड़ती चली गई। बाद में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जुबीन गर्ग का नाम असम की सांस्कृतिक पहचान से गहराई से जुड़ा हुआ है। उनके गीतों ने न केवल असम बल्कि पूरे उत्तर-पूर्व भारत में संगीत प्रेमियों के दिलों पर अमिट छाप छोड़ी है। उनकी असामयिक मौत की खबर ने संगीत जगत को अपूरणीय क्षति पहुँचाई है।
सोशल मीडिया पर उनके प्रशंसक श्रद्धांजलि और संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।




