जैसलमेर से जोधपुर जा रही स्लीपर बस में लगी भीषण आग, 19 यात्रियों की जिंदा जलने से मौत

राष्ट्रीय डेस्क
जैसलमेर, 14 अक्टूबर 2025/असम.समाचार

जैसलमेर से जोधपुर जा रही यात्रियों से भरी एक निजी स्लीपर बस में मंगलवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे अचानक आग लग गई। भीषण हादसे में अब तक 19 लोगों की जिंदा जलने से मौत की पुष्टि हुई है, जिनमें महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल हैं। मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में एसी में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण बताया गया है। जैसलमेर के जिला कलक्टर प्रताप सिंह ने बताया कि हादसे के बाद बस पूरी तरह से जलकर खाक हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह बस मंगलवार तड़के करीब 3 बजे जैसलमेर से जोधपुर के लिए रवाना हुई थी। हादसा शहर से करीब 20 किलोमीटर दूर थईयात मार्ग पर वॉर म्यूजियम के पास हुआ। बस के पिछले हिस्से से अचानक धुआं निकलना शुरू हुआ, जो देखते ही देखते भीषण आग में बदल गया।
कुछ यात्रियों ने खिड़कियों से कूदकर अपनी जान बचाई, जबकि कई लोग आग की लपटों में फंस गए। राहत और बचाव कार्य के लिए फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं।
स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। घायलों को जोधपुर और जैसलमेर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। प्रशासन ने मृतकों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इस मामले में अभी और अधिक विवरण की प्रतीक्षा है।





