नगांव तेरापंथ युवक परिषद द्वारा धम्मजागरण का भव्य आयोजन

डिंपल शर्मा
नगांव, 6 सितंबर 2025/असम.समाचार
तेरापंथ भवन, नगांव में तेरापंथ युवक परिषद (तेयुप) के तत्वावधान में भाद्रपद शुक्ला तेरस को आचार्य भिक्षु जन्म त्रिशाब्दी वर्ष एवं रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भव्य धम्मजागरण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शीर्षक “एक शाम भिक्षु स्वामी के नाम” रखा गया।

मुख्य संगायक के रूप में बेंगलुरु से पधारे मनीष पगारिया ने अपनी मधुर स्वर लहरियों से संपूर्ण वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ तेयुप अध्यक्ष पीयूष पूगलिया ने अपनी टीम के साथ नमस्कार महामंत्र के मंगल संगान के साथ किया।
स्थानीय कलाकारों में सुश्री श्रद्धा गुजरानी, सुनील सुराणा एवं तेयुप सचिव अमित दूगड़ ने सुमधुर गीतिकाओं की प्रस्तुति देकर समारोह की शोभा बढ़ाई।
मुख्य कलाकार मनीष पगारिया का सम्मान महासभा कार्यकारिणी सदस्य एवं क्षेत्रीय प्रभारी मंत्री जीवनमल सुराणा, सभा अध्यक्ष विनोद बोथरा, महिला मंडल अध्यक्ष श्रीमती संगीता चौरड़िया एवं तेयुप अध्यक्ष पीयूष पूगलिया ने असमिया संस्कृति के प्रतीक फुलाम गमछा पहनाकर एवं उपहार भेंट कर किया। म्यूजिक सिस्टम टीम का सम्मान तेयुप सलाहकार जितेंद्र गुजरानी ने किया।
अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के क्षेत्रीय प्रभारी अजीत कोठारी ने गायक मनीष जी का परिचय कराते हुए उनका अभिनंदन किया। पगारिया जी ने आचार्य भिक्षु के भजनों से तेरापंथ भवन को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। श्रद्धालु भक्तजनों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति से वातावरण सिरियारी धाम जैसा हो गया।
कार्यक्रम की सफलता का श्रेय अध्यक्ष पीयूष पूगलिया के कुशल नेतृत्व तथा सचिव अमित दूगड़ एवं युवा साथियों के सहयोग को दिया गया। भक्तिमय समारोह के उपरांत सहभोज का आयोजन किया गया।
तेयुप नगांव द्वारा आयोजित इस धम्मजागरण की सर्वत्र सराहना हुई।



