बीकानेर नागरिक मंच और किरणश्री ग्रुप की पहल: रक्तदान शिविर में जुटीं 75 यूनिट जीवनदायिनी बूंदें

विकास शर्मा,
गुवाहाटी, 7 जून 2026/असम.समाचार
मानवता की सेवा और सामाजिक दायित्वों के निर्वहन की भावना के साथ बीकानेर नागरिक मंच, गुवाहाटी एवं किरणश्री ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में आजरा स्थित होटल किरणश्री ग्रांड में भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर रक्तदान किया तथा समाज सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंच के वरिष्ठ सदस्यों एवं होटल प्रबंधन के पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। बीकानेर नागरिक मंच के सचिव रजत स्वामी ने स्वागत उद्बोधन देते हुए किरणश्री ग्रुप तथा सहरिया ब्लड सेंटर के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
किरणश्री ग्रुप के डायरेक्टर अनुराग सिपानी ने अपने संबोधन में रक्तदान को महादान बताते हुए युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने का आह्वान किया। वहीं मंच के अध्यक्ष बाबूलाल नवलखा ने कहा कि रक्तदान ऐसा उपहार है जो किसी जरूरतमंद को नया जीवन प्रदान कर सकता है। उन्होंने समाजहित में ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया।
मंच के चेयरमैन घेवरचंद सिपानी ने बताया कि शिविर में मंच के सदस्यों, होटल स्टाफ तथा स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर में 100 से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से तकनीकी मानकों के अनुरूप 75 यूनिट से अधिक रक्त का सफलतापूर्वक संग्रहण किया गया।
कार्यक्रम का संचालन होटल के एचआर प्रमुख नियाज अहमद ने किया। आयोजन को सफल बनाने में कमलचंद गोलछा, श्याम सिपानी, नवरत्न सेठिया, संजय बाफना, बिमल महनोत, रवि दसानी, धर्मेंद्र बैद एवं राहुल कोठारी सहित अनेक सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
मंच के कोषाध्यक्ष एवं जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार फलोदिया ने बताया कि बीकानेर नागरिक मंच भविष्य में भी समाज सेवा एवं जनकल्याण से जुड़े ऐसे कार्यक्रमों को प्राथमिकता के साथ आयोजित करता रहेगा।



