गुवाहाटी के जालुकबाड़ी में भीषण अग्निकांड, एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत
जिन चार लोगों ने रात को अपने घर में सुरक्षित नींद लेने की उम्मीद की थी, उन्हें शायद अंदाजा भी नहीं था कि वही घर कुछ घंटों बाद उनकी अंतिम मंजिल बन जाएगा। जालुकबाड़ी की यह दर्दनाक घटना पूरे असम को झकझोर गई है।

विकास शर्मा,
गुवाहाटी 5 जून 2026/असम.समाचार
असम की राजधानी गुवाहाटी के जालुकबाड़ी क्षेत्र में गुरुवार देर रात हुए भीषण अग्निकांड में एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे से पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।
जालुकबाड़ी के जयमती नगर स्थित 2 नंबर बाइलैन में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दो मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि आग लगने के दौरान तीन रसोई गैस सिलेंडरों में विस्फोट होने की आवाजें भी सुनाई दीं, जिससे आग और तेजी से फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, अग्निशमन विभाग, एसडीआरएफ तथा एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हालांकि, आग की चपेट में आए एक ही परिवार के चार लोगों को बचाया नहीं जा सका।
मृतकों की पहचान कुद्दुस अली, उनकी पत्नी काजली बेगम तथा उनके दो पुत्र डांगर बाबू और सरू बाबू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी लोग उस समय घर में सो रहे थे, तभी आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, मृतक परिवार मूल रूप से असम के गोलपाड़ा जिले के लक्षीपुर क्षेत्र का रहने वाला था। हादसे के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है।
जिन चार लोगों ने रात को अपने घर में सुरक्षित नींद लेने की उम्मीद की थी, उन्हें शायद अंदाजा भी नहीं था कि वही घर कुछ घंटों बाद उनकी अंतिम मंजिल बन जाएगा। जालुकबाड़ी की यह दर्दनाक घटना पूरे असम को झकझोर गई है।



