प्रधानमंत्री मोदी ने असम के दरंग में किए 6,500 करोड़ की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण

विकाश शर्मा
दरंग 14 सितंबर 2025/असम.समाचार
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को असम के दरंग जिले में लगभग 6,500 करोड़ की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया की सबसे तेज़ी से विकसित हो रही अर्थव्यवस्था है और असम देश के सबसे तेज़ी से आगे बढ़ते राज्यों में शामिल है।
Advertisement

प्रधानमंत्री ने कहा, “आज पूरा देश एकजुट होकर विकसित भारत के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ रहा है। विशेषकर हमारे युवाओं के लिए विकसित भारत एक सपना ही नहीं बल्कि एक संकल्प है। इस संकल्प को पूरा करने में पूर्वोत्तर की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।”
उन्होंने जोर देकर कहा कि 21वीं सदी के 25 वर्ष बीत चुके हैं और इस सदी का अगला अध्याय पूर्व और पूर्वोत्तर भारत का है।
प्रधानमंत्री ने विकास की गति को तेज़ करने में कनेक्टिविटी की अहमियत पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “किसी भी क्षेत्र के तीव्र विकास के लिए मज़बूत कनेक्टिविटी आवश्यक है। यही कारण है कि हमारी सरकार ने पूर्वोत्तर में कनेक्टिविटी बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया है।”
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि असम समेत पूरे पूर्वोत्तर में आधारभूत ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के नए अवसर तेजी से विकसित हो रहे हैं, जिससे यह क्षेत्र देश की विकास यात्रा का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है।



