गुवाहाटी में माहेश्वरी महिला समिति का भजन जेमिंग कार्यक्रम, अक्षय तृतीया पर भक्ति का अनुपम संगम
अक्षय तृतीया पर माहेश्वरी महिला समिति का आयोजन, भजन जेमिंग से गुंजायमान हुआ माहेश्वरी भवन, महिलाओं ने भक्ति और उत्साह के साथ निभाई सक्रिय सहभागिता

ओपी शर्मा,
गुवाहाटी 19 अप्रैल 2026/असम.समाचार
छत्रीबाड़ी स्थित माहेश्वरी भवन में माहेश्वरी महिला समिति द्वारा नए सत्र का शुभारंभ अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर भजन जेमिंग कार्यक्रम के साथ किया गया। इस आयोजन ने श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया। पूरे सभागार में आध्यात्मिक ऊर्जा और मधुर संगीत की ऐसी धारा प्रवाहित हुई कि उपस्थित समाज की प्रत्येक सदस्या भावविभोर हो उठी।

इस भव्य कार्यक्रम की संयोजिका रचना काबरा और मंजू सोनी रहीं। उनके कुशल निर्देशन एवं समर्पित प्रयासों ने आयोजन को उत्कृष्ट रूप प्रदान किया। समिति की अध्यक्ष वंदना बिहानी, सचिव निगम तापड़िया तथा कोषाध्यक्ष सीमा सोनी के सक्रिय सहयोग से कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ महेश वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात श्रीमती मुक्ता कसेरा ने अपने मधुर स्वरों में भजनों की मनोहारी प्रस्तुति दी, जिसने उपस्थित सभी महिलाओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। प्रतिभागियों ने भी तालियों और सहभागिता के माध्यम से कार्यक्रम में उत्साह और ऊर्जा का संचार किया।
इस अवसर पर समिति की निवर्तमान अध्यक्ष वर्षा सोमानी तथा अन्य पूर्व पदाधिकारियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल आत्मिक शांति प्रदान करते हैं, बल्कि आपसी प्रेम, सद्भाव और एकता को भी सुदृढ़ करते हैं।
कार्यक्रम के समापन पर प्रसाद वितरण किया गया। जनसंपर्क अधिकारी पार्वती बिड़ला ने बताया कि आयोजन को सफल बनाने में समिति की सभी सदस्यों का पूर्ण सहयोग रहा।



