असमएक्सक्लूसिव खबरेंथर्ड आईधर्म और आस्थाराष्ट्रीयलेटेस्ट खबरेंसामाजिक

“सांवरिया भक्त मंडल” के संग श्याम नाम की गूंज, 6 फरवरी को निकलेगी निशान यात्रा

निरंजन सरावगी,संवाददाता, होजाई

होजाई 29 जनवरी 2026/असम.समाचार

धर्म, आस्था और श्रद्धा की त्रिवेणी से सराबोर होजाई एक बार फिर बाबा श्याम के जयकारों से गूंजने को तैयार है। आगामी 6 फरवरी को सांवरिया भक्त मंडल, होजाई के तत्वावधान में बाबा श्याम के अनन्य भक्तों द्वारा एक भव्य निशान पदयात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस आध्यात्मिक यात्रा को लेकर क्षेत्र के श्याम प्रेमियों में अपार उत्साह देखा जा रहा है और तैयारियां पूरे श्रद्धाभाव के साथ अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।

इस पावन आयोजन के सुचारु संचालन हेतु सांवरिया भक्त मंडल द्वारा विशेष टीम का गठन किया गया है। मंडल के कोषाध्यक्ष संजय मुरारका ने जानकारी देते हुए बताया कि निशान पदयात्रा का शुभारंभ 6 फरवरी को प्रातः 6:15 बजे होजाई के लक्ष्मीनारायण मंदिर परिसर से होगा। विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात बाबा श्याम के जयघोषों के साथ श्रद्धालु हाथों में निशान लेकर पदयात्रा पर निकलेंगे।

कार्यक्रम के अनुसार, पहले दिन निशान यात्रा लक्ष्मीनारायण मंदिर से प्रारंभ होकर जे.के. केडिया रोड, इस्लाम नगर, नीलबागान, डबका एवं जबड़ाखुवा होते हुए कोठियातुली पहुंचेगी। यहां भजन-कीर्तन एवं श्याम नाम संकीर्तन के पश्चात श्रद्धालु रात्रि विश्राम करेंगे।

दूसरे दिन प्रातः पूजा-अर्चना के बाद यात्रा पुनः आरंभ होगी और नोनोई होते हुए बोरघाट पहुंचेगी। दोपहर के भोजन के उपरांत यात्रा आगे बढ़ेगी और संध्या समय नगांव स्थित श्री श्याम धाम पहुंचकर संपन्न होगी, जहां भक्त प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रद्धापूर्वक बाबा श्याम के चरणों में निशान अर्पित करेंगे।

उल्लेखनीय है कि श्री श्याम धाम, नगांव के मंदिर गुंबद पर प्रतिवर्ष फहराया जाने वाला ध्वज इसी पावन निशान यात्रा के माध्यम से बाबा को अर्पित किया जाता है।

इस वर्ष की निशान यात्रा का विशेष आकर्षण दुल्हन की तरह सजा हुआ श्याम रथ होगा, जो पूरे मार्ग में बाबा श्याम के दरबार की भव्यता और अलौकिक छटा को और अधिक मनोहारी बनाएगा।

श्याम नाम की मस्ती, भजनों की मधुर धुन और आस्था की अखंड ज्योति के साथ यह निशान पदयात्रा न केवल एक धार्मिक आयोजन होगी, बल्कि श्रद्धा, सेवा और समर्पण का जीवंत उत्सव बनकर भक्तों के हृदय में अमिट छाप छोड़ेगी।

फ़ाइल फ़ोटो

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!