चेतना लेडीज क्लब ने रचा समाज सेवा का उदाहरण,संजीवनी अस्पताल संग लगाया मेगा हेल्थ कैम्प

ओ.पी. शर्मा,
गुवाहाटी, 13 नवंबर 2025/असम.समाचार
समाज सेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में अपनी उल्लेखनीय भूमिका निभाते हुए चेतना लेडीज क्लब ने संजीवनी अस्पताल के सहयोग से पांडु कॉलेज दुर्गा मंदिर परिसर के समीप एक भव्य “मेगा हेल्थ चेक-अप कैम्प” का सफल आयोजन किया।
इस नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर में 100 से अधिक मरीजों की जांच की गई तथा आवश्यक दवाइयाँ प्रदान की गईं। शिविर में प्रमुख चिकित्सक डॉ. अमित अग्रवाला, डॉ. सुरभि चालिया फूकन, डॉ. श्याम शेखर चौधरी और डॉ. इशानी ने अपनी सेवाएँ दीं।
स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ लायंस आई हॉस्पिटल के सहयोग से नेत्र जांच शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें नागरिकों को नि:शुल्क आंखों की जांच और परामर्श की सुविधा दी गई।
यह कार्यक्रम चेतना लेडीज क्लब की अध्यक्ष श्रीमती ममता हरलालका, सचिव श्रीमती स्वेता सोनी और कोषाध्यक्ष श्रीमती मीना मौर के नेतृत्व में संपन्न हुआ। क्लब की सभी सदस्याओं ने पूरे उत्साह और समर्पण के साथ भाग लेकर शिविर को व्यापक सफलता दिलाई।
अध्यक्ष श्रीमती ममता हरलालका ने कहा कि चेतना लेडीज क्लब सदैव समाजहित में कार्य करता रहा है। उन्होंने कहा कि “इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर समाज के वंचित वर्गों तक चिकित्सा सुविधाएँ पहुँचाने का सशक्त माध्यम हैं।” उन्होंने संजीवनी अस्पताल, लायंस आई हॉस्पिटल तथा सभी चिकित्सकों के प्रति सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
शिविर के समापन पर स्थानीय नागरिकों और मरीजों ने चेतना लेडीज क्लब के इस मानवीय प्रयास की सराहना की और क्लब की समाज सेवा भावना की भूरि-भूरि प्रशंसा की।




