Blogअसमअसम.समाचार(स्पेशल)थर्ड आईधर्म और आस्थाराष्ट्रीयलेटेस्ट खबरेंसामाजिक

हाथों में गुलाब, दिल में श्याम… जयंती पर आस्था का अनूठा नजारा

देवउठनी एकादशी पर नगांव में धूमधाम से मनी श्याम जयंती, गुलाब लेकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे श्रद्धालु

डिंपल शर्मा,

नगांव, 21 नवंबर 2026/असम.समाचार

गुलाब की पंखुड़ियों से सजा दरबार, फूलों से महकता वातावरण, हाथों में गुलाब लिए अपनी बारी का इंतजार करते श्रद्धालु और जुबां पर गूंजता ‘जय श्री श्याम’ का जयघोष। देवउठनी एकादशी के अवसर पर शुक्रवार को नगांव के श्री श्याम धाम में कुछ ऐसा ही भक्तिमय नजारा देखने को मिला। अवसर था खाटू वाले श्याम बाबा की जयंती का, जहां भक्ति और उत्सव का अनूठा संगम देखने को मिला।

श्री श्याम सेवा समिति, नगांव की ओर से आयोजित श्याम जयंती समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। बाबा का आकर्षक फूलों से श्रृंगार किया गया था। विशेष रूप से गुलाब के फूलों से सजे दरबार ने भक्तों का मन मोह लिया। श्रद्धालु हाथों में गुलाब लेकर बाबा के दरबार में पहुंचे और अपनी श्रद्धा अर्पित की। दर्शन और पुष्प अर्पण के लिए भक्तों की कतारें लगी रहीं। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर उम्र के श्रद्धालु इस धार्मिक आयोजन में उत्साह के साथ शामिल हुए।

समारोह में कोलकाता से आमंत्रित भजन गायिका सोनी अरोड़ा और धरनीधर दाधीच ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। भजनों की मधुर धुनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। पूरा परिसर श्याम भक्ति के रंग में रंगा रहा। आयोजन में अखंड ज्योत, भव्य श्रृंगार और श्याम रसोई विशेष आकर्षण रहे।

आयोजन की खास बात यह रही कि यहां जयंती केवल एक धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं रही, बल्कि श्रद्धालुओं के लिए सामूहिक आस्था और भक्ति का उत्सव बन गई। बाबा के दरबार में गुलाब अर्पित करने की परंपरा ने समारोह को एक अलग ही रंग दिया। श्री श्याम सेवा समिति की ओर से सभी श्याम प्रेमियों का स्वागत किया गया।

 

 

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!