नगांव में श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ बाबा रामदेव जी का जम्मा जागरण
रामदेव दशमी के पावन अवसर पर आयोजित इस एकदिवसीय धार्मिक अनुष्ठान में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ कमाया।

डिंपल शर्मा,
नगांव 23 सितंबर 2026/असम.समाचार
श्री श्री बाबा रामदेव भक्त संगम के सानिध्य में स्थानीय श्री हनुमान जन्मोत्सव समिति भवन में कलयुग के अवतारी बाबा रामदेव जी का भव्य जम्मा जागरण धूमधाम एवं भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। रामदेव दशमी के पावन अवसर पर आयोजित इस एकदिवसीय धार्मिक अनुष्ठान में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ कमाया।

समारोह के शुभारंभ पर दुल्हन की तरह सजाए गए बाबा के दिव्य दरबार में विधि-विधान से विशेष पूजा-अर्चना की गई। इसके उपरांत अखंड दिव्य ज्योत प्रज्वलित की गई और श्रद्धालुओं को रक्षा कवच के रूप में ‘तांती’ का वितरण किया गया।
भक्ति संध्या में प्रख्यात भजन गायक तेजा पारीक एवं विकास शर्मा ने बाबा रामदेव के जीवन चरित्र और उनके लोक कल्याणकारी पर्चों (चमत्कारों) पर आधारित भजनों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। वहीं भजन गायक धनेश शर्मा ने भी अपनी सुमधुर आवाज से माहौल को भक्तिमय बना दिया। भजनों की धुन पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते और नाचते रहे।

कार्यक्रम के दौरान आयोजकों द्वारा आमंत्रित अतिथि कलाकारों एवं उपस्थित पत्रकारों को भक्त जगदीश प्रसाद धुत व अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। मंच संचालन मुकेश पोद्दार ने कुशलतापूर्वक किया।
उल्लेखनीय है कि भक्त संगम द्वारा विगत कई वर्षों से दशमी के अवसर पर लगातार इस जम्मा जागरण का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम को सफल बनाने में जगदीश धुत, विनोद गुजरानी, मुकेश पोद्दार, सुरेश शर्मा (सूर्या), प्रदीप रातूसरिया सहित अन्य कार्यकर्ताओं का सराहनीय योगदान रहा। अनुष्ठान का समापन भव्य सहभोज (प्रसाद वितरण) के साथ हुआ।


