शिलांग में महर्षि दधीचि जन्मोत्सव की धूम: 27 वर्षों से जारी है सामाजिक समरसता की परंपरा

सुशील दाधीच,
शिलांग 23 सितंबर 2026/असम.समाचार
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी शिलांग दाधीच परिषद के तत्वावधान में महर्षि दधीचि का 27वां जन्मोत्सव अत्यंत हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। दो दिवसीय इस भव्य आयोजन में धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक एकता का अनुपम संगम देखने को मिला।
भजन संध्या और मिलन समारोह के साथ शुरुआत
समारोह के पहले दिन, शुक्रवार को शिलांग दाधीच परिषद द्वारा मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान आयोजित भजन संध्या में प्रकाश दाधीच, मोहित दाधीच, आशुतोष दाधीच, कैलाश दाधीच एवं कन्हैया लाल दाधीच सहित समाज के कई गायकों ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियां देकर उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। इस अवसर पर परिषद द्वारा समाज के प्रतिभावान बच्चों को प्रोत्साहित भी किया गया।
माँ दधिमती का मंगल पाठ एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
शनिवार को मुख्य समारोह की शुरुआत श्री गणेश पूजन और वंदना के साथ हुई। भव्य रूप से सजे दरबार में जयंती संयोजक प्रहलाद दाधीच ने सपत्नीक पावन ज्योत प्रज्वलित की।
’एक शाम माँ दधिमती के नाम’ भजन संध्या में गुवाहाटी से पधारीं मनीषा रंकावत एवं पवन दाधीच ने माँ दधिमती का संगीतमय मंगल पाठ और मनमोहक भजन प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत समाज के बच्चों—रोहित शर्मा, आहना, विनायक, अथर्व, प्रतीक और रवि ने ‘राणा जी’ प्रसंग पर प्रभावशाली नाट्य प्रस्तुति दी। नन्हीं आहना और रोहित के अभिनय को दर्शकों ने खूब सराहा। इसके अलावा नीलम दाधीच और डोली दाधीच द्वारा प्रस्तुत मनमोहक नृत्य ने सभी का मन मोह लिया।
अतिथियों का सम्मान एवं उद्बोधन
समारोह में आए कलाकारों सहित कुंज बिहारी अजमेरा, डॉ. मनीष मिश्रा एवं पंडित ब्रह्मदत्त शर्मा का दुपट्टा, माला, शॉल और महर्षि दधीचि का प्रतीक चिह्न भेंट कर भावभीना अभिनंदन किया गया।
मंच संचालन करते हुए शिलांग दाधीच परिषद के अध्यक्ष सुशील दाधीच ने कहा कि पिछले 27 वर्षों से समाज का निरंतर मिल रहा सहयोग ही इस आयोजन की असली सफलता है। उन्होंने पत्रिका, दूरभाष और सोशल मीडिया के माध्यम से दिए गए निमंत्रण को स्वीकार कर पधारने वाले सभी बंधुओं के प्रति आभार व्यक्त किया। महिलाओं द्वारा दरबार की सुगंधित पुष्प सज्जा की भी विशेष सराहना की गई।
कार्यक्रम के अंत में जयंती संयोजक प्रहलाद दाधीच, बिनोद दाधीच, मोहन दाधीच, कैलाश दाधीच और सुरेश दाधीच ने आयोजन को सफल बनाने में जुटी कार्यकारिणी, कार्यकर्ताओं और उपस्थित सर्व समाज के सभी बंधुओं का धन्यवाद ज्ञापित किया।


