असम-अरुणाचल सीमा पर भूमि विवाद को लेकर अंधाधुंध गोलीबारी, 8 असमिया नागरिक घायल
गोगामुख के मिंगमांग बदती में अतिक्रमण का विरोध करने पर उपद्रवियों ने की फायरिंग; 3 की हालत बेहद नाजुक, डिब्रूगढ़ रेफर

राहुल दले,
गोगामुख / धेमाजी 10 अगस्त 2026/असम.समाचार
असम और अरुणाचल प्रदेश की अंतरराज्यीय सीमा पर एक बार फिर तनाव गहरा गया है। धेमाजी जिले के गोगामुख राजस्व चक्र के अंतर्गत आने वाले सीमावर्ती क्षेत्र मिंगमांग बदती में असम की भूमि पर अरुणाचली लोगों द्वारा किए जा रहे कथित अवैध अतिक्रमण को लेकर दोनों पक्षों के बीच हिंसक विवाद उत्पन्न हो गया। अतिक्रमण का विरोध करने पहुंचे असम के स्थानीय नागरिकों पर अरुणाचली उपद्रवियों ने निशाना बनाकर अंधाधुंध गोलीबारी की।
इस हिंसक घटना में असम के कुल 8 नागरिक गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
घायलों के नाम:
- संजय टायोंग
- दुर्गेश्वर पातिर
- रोहित दले
- नागाराज दले
- पामे पेगु
- उत्पल दले
- जान दले
- जिज्ञेश्वर पातिर
गोगामुख से धेमाजी और डिब्रूगढ़ रेफर:
घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को गोगामुख ग्रामीण असैनिक अस्पताल ले जाया गया। स्थिति गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने 7 घायलों को धेमाजी सिविल अस्पताल रेफर कर दिया।
धेमाजी में इलाज के दौरान तीन घायलों— भाईजान दले, उत्पल दले और प्रेमे पेगु की स्थिति अधिक चिंताजनक होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज हेतु असम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, डिब्रूगढ़ भेजा गया है।
सीमा पर भारी तनाव, सुरक्षा बल तैनात:
घटना के बाद से ही असम-अरुणाचल सीमा क्षेत्र में भारी तनाव का माहौल है। स्थिति पर काबू पाने तथा शांति बनाए रखने के लिए सीमा पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और दोनों राज्यों की पुलिस को अलर्ट पर रखा गया है। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।



