फिल्मी पर्दे से बाढ़ के मैदान तक: रणदीप हुड्डा ने शिवसागर में परोसा लंगर, बाढ़ पीड़ितों के बीच बिताया दिन

केशव पारीक,
शिवसागर, 1 अगस्त 2026/असम.समाचार
बॉलीवुड अभिनेता रणदीप हुड्डा ने शनिवार को अपनी अलग पहचान पेश करते हुए असम के बाढ़ प्रभावित शिवसागर जिले में राहत अभियान की कमान संभाली। ग्लोबल सिख्स फाउंडेशन के साथ पहुंचे अभिनेता ने पहले शिवसागर गुरुद्वारा में माथा टेका और फिर सीधे बाढ़ पीड़ितों की सेवा में जुट गए।
शिवसागर रेलवे स्टेशन पर शरण लिए हुए बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच रणदीप हुड्डा ने स्वयं लंगर वितरण में भाग लिया। उन्होंने राहत सामग्री और भोजन बांटते हुए पीड़ित परिवारों से मुलाकात की तथा उनका हालचाल जाना।
मीडिया से बातचीत में रणदीप हुड्डा ने अपर असम में आई भीषण बाढ़ पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा होना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि ग्लोबल सिख्स फाउंडेशन के साथ उनका उद्देश्य केवल राहत सामग्री पहुंचाना नहीं, बल्कि लोगों को यह एहसास दिलाना भी है कि वे इस संकट की घड़ी में अकेले नहीं हैं।
फाउंडेशन की ओर से चलाए जा रहे राहत अभियान के तहत बाढ़ प्रभावित परिवारों को पका हुआ भोजन, आवश्यक राहत सामग्री और अन्य जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इस पहल का उद्देश्य बाढ़ से प्रभावित लोगों तक त्वरित मानवीय सहायता पहुंचाना है।



