असमधर्म और आस्थासामाजिक

नगांव में भीषण उमस के बीच राहत की अनूठी पहल: राहगीरों और रिक्शा चालकों के लिए की गई शीतल पेय की व्यवस्था

डिंपल शर्मा,

​नगांव, 12 जून 2026/असम.समाचार

आसमान से बरसती आग और असहनीय उमस के बीच, नगांव के हैबरगांव इलाके में समाज सेवा की एक बेहद सुंदर तस्वीर सामने आई है। क्षेत्र के जाने-माने समाज सेवी और ज्योति हार्डवेयर के संचालक जगदीश धूत ने इस तपती धूप में सड़कों पर निकलने वाले लोगों को राहत देने के लिए एक सराहनीय पहल की। उन्होंने अपने प्रतिष्ठान के सामने से गुजरने वाले राहगीरों, रिक्शा चालकों और जरूरतमंदों के बीच लगभग 300 बोतल ठंडे जीरा जूस का वितरण किया।

​इस भीषण गर्मी में अचानक मिले इस ठंडे उपहार से राहगीरों के चेहरे खिल उठे और लोगों ने इसे इस मौसम की सबसे बड़ी राहत बताया।

व्यवसाय के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से गहरा जुड़ाव रखने वाले जगदीश धूत के लिए यह कोई पहला मौका नहीं है। मीडिया से साझा करते हुए उन्होंने बताया कि वे पिछले कई वर्षों से हर गर्मी के मौसम में यहाँ नियमित रूप से शीतल पेयजल (ठंडे पानी) की व्यवस्था करते आ रहे हैं, ताकि कोई भी राहगीर प्यासा न रहे।

​अपनी इस मुहिम पर बात करते हुए जगदीश धूत ने कहा कि जब दोपहर के समय स्कूलों से छुट्टी होने के बाद छोटे-छोटे बच्चे यहाँ आकर अपनी प्यास बुझाते हैं, तो उनके चेहरों की खुशी देखकर मन को जो आत्मसंतुष्टि मिलती है, उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। इसके अलावा दिनभर कड़ी धूप में पसीना बहाने वाले ठेला और रिक्शा चालक भी यहाँ रुककर कुछ पल सुस्ताते हैं और पानी-जूस पीकर आगे बढ़ते हैं।

​इस रूट से गुजरने वाले आम राहगीरों और स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों ने जगदीश धूत के इस निरंतर निस्वार्थ सेवा भाव की मुक्त कंठ से सराहना की है और इसे समाज के लिए एक प्रेरणादायक कार्य बताया है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!