पुरुषोत्तम मास में सांवरिया सखी समिति ने किया स्नान-दीपदान, 332 विद्यार्थियों को वितरित किए छाते

सोनल शर्मा,
गुवाहाटी, 12 जून 2026/असम समाचार
अधिक मास अर्थात पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर सांवरिया सखी समिति की ओर से वशिष्ठ नदी तट पर धार्मिक एवं सेवा कार्यों का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर समिति की सदस्यों ने सामूहिक रूप से पवित्र स्नान किया तथा दीपदान कर भगवान विष्णु की आराधना की। कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन एवं आरती का आयोजन भी किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
समिति की सखियों ने पुरुषोत्तम मास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि हिंदू धर्म में इस मास को भगवान विष्णु को समर्पित माना गया है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस महीने में किए गए जप, तप, दान, स्नान, भजन-कीर्तन और सेवा कार्यों का विशेष पुण्य फल प्राप्त होता है। इसलिए श्रद्धालु इस अवधि में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ मानव सेवा के कार्यों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं।
धार्मिक आयोजन के साथ-साथ समिति ने मानव सेवा का भी प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। सेवा अभियान के अंतर्गत शंकरदेव शिशु निकेतन विद्यालय, बोरागांव के 332 विद्यार्थियों एवं 21 शिक्षकों को छाते तथा शरबत वितरित किए गए। इस अवसर पर समिति की सदस्यों ने कहा कि जरूरतमंदों की सहायता करना ही सच्ची भक्ति है और पुरुषोत्तम मास में सेवा कार्यों का विशेष महत्व बताया गया है।
सांवरिया सखी समिति ने समाज के सभी लोगों से अपील की कि वे अधिक मास के इस शुभ अवसर पर स्नान, दीपदान, दान-पुण्य एवं मानव सेवा के कार्यों में सहभागी बनकर ईश्वर की कृपा एवं पुण्य लाभ प्राप्त करें। समिति का मानना है कि किसी जरूरतमंद की सहायता कर उसके चेहरे पर मुस्कान लाना सबसे बड़ा धर्म है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति की सरोज मित्तल, रंजू पटवारी, कांता मित्तल, रेणु मोदी, ममता, सरिता, उषा, मधु, बिमला हरलालका, अल्का, प्रीति खेमका, नीलम जालान, सुमित्रा काबरा, पुष्पा क्याल, विनीता शर्मा, अपर्णा, सरोज रूंगटा, बिंदु सहित अनेक सदस्यों का विशेष योगदान रहा।



