“मुनि आनंद कुमार के सान्निध्य में पहुंचे विधायक रूपक शर्मा, लिया मंगल आशीर्वाद”

डिंपल शर्मा,
नगांव 11 जून 2026/असम.समाचार
स्थानीय तेरापंथ भवन में विराजमान तेरापंथ धर्मसंघ के विद्वान संत मुनि आनंद कुमार ‘कालू’ एवं सहयोगी मुनि विकास कुमार के दर्शन एवं मंगल आशीर्वाद प्राप्त करने हेतु नगांव के विधायक रूपक शर्मा पहुंचे। इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा उनका अभिनंदन एवं सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में तेरापंथ सभा के मंत्री विवेक बोरड़ ने विधायक रूपक शर्मा के जीवन एवं उनके जनहितकारी कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जब-जब तेरापंथ समाज ने उन्हें स्मरण किया, वे सदैव समाज के साथ खड़े दिखाई दिए।
इसके पश्चात सभा अध्यक्ष विनोद बोथरा ने विधायक का स्वागत एवं अभिनंदन किया। सभा के पूर्व अध्यक्ष तथा मारवाड़ी सम्मेलन, नगांव के अध्यक्ष प्रमोद कोठारी ने विधायक द्वारा किए गए विकास कार्यों का विस्तार से उल्लेख करते हुए उनकी सराहना की।
तेरापंथ सभा, महिला मंडल एवं युवक परिषद द्वारा असमिया परंपरा के प्रतीक फूलाम गमोछा एवं साहित्य भेंट कर विधायक का सम्मान किया गया। इसके अतिरिक्त मारवाड़ी सम्मेलन नगांव शाखा, नगांव राजस्थानी युवक संघ, मारवाड़ी युवा मंच एवं शिखर शाखा, मारवाड़ी सम्मेलन महिला समिति, अग्रवाल सभा सहित विभिन्न संस्थाओं ने भी उन्हें सम्मानित किया।
अपने संबोधन में विधायक रूपक शर्मा ने कहा कि तेरापंथ समाज को जब भी उनकी आवश्यकता होगी, वे सदैव समाज के साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने संपूर्ण मारवाड़ी समाज के प्रति आभार व्यक्त किया।
मुनि आनंद कुमार ‘कालू’ ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि जनता द्वारा लगातार तीसरी बार विधायक रूपक शर्मा को जनसेवा का अवसर प्रदान किया जाना उनके प्रति जनविश्वास, कार्यशैली एवं सेवा भावना का परिचायक है। उन्होंने कहा कि जैन धर्म में निःस्वार्थ सेवा का विशेष महत्व है तथा यही समाज के विकास का आधार बनती है।
मुनि श्री ने कहा कि विधायक का मिलनसार एवं सहज व्यक्तित्व समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने में सहायक है। उन्होंने नगांव में सभी धर्मों एवं सम्प्रदायों के लोगों के बीच प्रेम, सद्भाव और सौहार्द बनाए रखने का संदेश देते हुए कहा कि सामाजिक समरसता ही क्षेत्र की वास्तविक शक्ति है।
स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के लिए जीवन विज्ञान को अपनाने की प्रेरणा देते हुए मुनि श्री ने कहा कि मानसिक शांति, संयम एवं सकारात्मक सोच से व्यक्ति का जीवन सुखी एवं स्वस्थ बन सकता है। भगवान महावीर के संदेश ‘अहिंसा परमो धर्मः’ का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अहिंसा, करुणा और मैत्री के भाव से समाज में शांति एवं सद्भावना का वातावरण निर्मित होता है।
मुनि श्री ने बताया कि उनका नगांव में यह प्रथम आगमन है। इससे पूर्व वर्ष 2016 में आचार्य महाश्रमण नगांव पधारे थे, जिनका चातुर्मास गुवाहाटी में सम्पन्न हुआ था। उन्होंने विधायक रूपक शर्मा के उज्ज्वल भविष्य, सफल जनसेवा एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि के लिए मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।
अंत में विधायक रूपक शर्मा ने मुनि श्री से मंगलपाठ श्रवण कर आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम का संचालन मंत्री विवेक बोरड़ ने किया।



