कोयले की धरती पर हरियाली का संकल्प: खरसांग की खदान में गूंजा पर्यावरण संरक्षण का संदेश
"रतन शर्मा की अगुवाई में खदान में गूंजे मंत्र, फिर रोपे गए हरियाली के सपने"

विकास शर्मा,
खरसांग (अरुणाचल प्रदेश), 7 जून 2026
औद्योगिक विकास और पर्यावरण संरक्षण के संतुलन का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करते हुए कोल पल्ज प्राइवेट लिमिटेड, खरसांग की कोल माइंस परिसर में पूजा-अर्चना एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में क्षेत्र के प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर एडीसी, एसडीओ, जेएसी अध्यक्ष, जेडपीएम खरसांग, ग्राम प्रतिनिधियों सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और प्रकृति संवर्धन का संदेश दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई, जिसका संचालन एवं आयोजन कंपनी के प्रतिनिधि रतन शर्मा द्वारा कराया गया। पूजा के दौरान कंपनी की उन्नति के साथ-साथ स्थानीय गांवों की सुख-समृद्धि, क्षेत्र में शांति, सामाजिक सौहार्द, खुशहाली एवं सर्वांगीण विकास की कामना की गई।
साथ ही सभी परिवारों पर ईश्वर की कृपा बनी रहे और क्षेत्र निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहे, इसके लिए विशेष प्रार्थना की गई।

वृक्षारोपण अभियान के दौरान उपस्थित अतिथियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। विकास के साथ प्रकृति का संतुलन बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। लगाए गए पौधे आने वाले वर्षों में क्षेत्र की हरियाली और पर्यावरणीय संतुलन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने कोल पल्ज प्राइवेट लिमिटेड के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे सामाजिक उत्तरदायित्व और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सकारात्मक पहल बताया।
अंत में रतन शर्मा ने सभी सम्मानित अतिथियों, अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कंपनी भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण एवं समाजहित से जुड़े ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन करती रहेगी।
कोयले की खदान में लगाए गए हरियाली के ये पौधे विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन का संदेश देते नजर आए।



