शिवसागर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया भगवान परशुराम जन्मोत्सव
श्री परशुराम सेवा समिति शिवसागर जिला के नेतृत्व में सर्व समाज की रही भागीदारी : शोभायात्रा, सम्मान समारोह और भजन संध्या का आयोजन हुआ

केशव पारीक,
शिवसागर 21 अप्रैल 2026/असम.समाचार
श्री परशुराम सेवा समिति शिवसागर जिला सर्व समाज के सौजन्य से रविवार को शहर के बाबा रामदेव मंदिर रूणिचाधाम में भगवान श्री श्री परशुराम जन्मोत्सव का पालन अत्यंत ही हर्षोल्लास के साथ किया गया। एक दिवसीय विस्तृत कार्यक्रम के तहत सुबह शहर के थाना रोड़ स्थित आशीर्वाद भवन प्रांगण में पंडित नेमचंद पुरोहित के सानिध्य में विधिवत पूजन के उपरांत भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
मंगल कलश एवं धर्मध्वजा के साथ सर्व समाज के पुरुष, महिला, युवा और बच्चों ने बड़ी तादाद में इस शोभायात्रा में भाग लिया। शहर के प्रमुख मार्गों से होते गुजरी शोभायात्रा का मुख्य कार्यक्रम स्थल बाबा रामदेव मंदिर रूणिचाधाम में समापन हुआ।
तदोपरांत समिति के अध्यक्ष डॉ. गिरिराज शर्मा द्वारा ध्वजारोहण एवं प्रतिमा स्थापना के बाद विजय कसेरा के संयोजन में कक्षा 5 से 8 वीं तक के विद्यार्थियों के बीच क्विज और चित्रांकन प्रतियोगिता का आयोजन हुआ।

जिसमें से क्विज प्रतियोगिता में नैंसी मावतवाल प्रथम, पूर्वांशी बागड़ी द्वितीय और राजवीर मावतवाल तृतीय तथा चित्रांकन प्रतियोगिता में हृदया चांडक प्रथम, सेजल मालपानी द्वितीय और रिया यादव तृतीय स्थान पर विजेता रहे।
शाम को भगवान श्री हरि विष्णु के छठे अवतार श्री परशुराम जी का पूजन, ज्योत एवं आरती के उपरांत सर्व समाज के वरिष्ठ नागरिकों का विशेष रूप से अभिनंदन किया गया। जिनमें वरिष्ठ समाजसेवी सांवरमल अग्रवाल (सराफ), कर सलाहकार विजय कुमार चित्तावत एवं शिव दौल के मुख्य पुजारी सुरेश बोरठाकुर प्रमुख हैं।

इसके बाद ही आमंत्रित अतिथि कलाकारों मोनिका गुरुप्रिया एवं अनिल शर्मा के सानिध्य में रंगारंग विराट भजन संध्या का आयोजन हुआ। एक दिवसीय आयोजन का सफल समापन सामूहिक महाप्रसाद के साथ हुआ। इस आयोजन में सर्व समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विजय कसेरा, प्रदीप बोगड़, नंदकिशोर झंवर, रवि चौबे, राकेश शर्मा, गोपाल मोहिल, डॉ. नीरज शर्मा, ईश्वर शर्मा, मनोज झुरिया आदि का उल्लेखनीय योगदान रहा। श्री परशुराम सेवा समिति शिवसागर जिला सर्व समाज के अध्यक्ष डॉ. गिरिराज शर्मा एवं सचिव रमेश कुमार शर्मा ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग हेतु सर्व समाज का आभार व्यक्त किया है।



