“जनता का आशीर्वाद भाजपा के साथ, सरकार बनना तय” अशोक सिंघल
सिंघल ने दावा किया कि इस बार का जनादेश न केवल भाजपा की जीत सुनिश्चित करेगा, बल्कि विपक्ष को करारा जवाब भी देगा।

विकास शर्मा,
ढेकीयाजुली 14 अप्रैल 2026/असम.समाचार
असम की राजनीति में चुनावी सरगर्मी के बीच ढेकीयाजुली विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार और राज्य सरकार के मंत्री अशोक सिंघल ने बड़ा और आत्मविश्वास से भरा दावा करते हुए कहा है कि इस बार भारतीय जनता पार्टी 90 से अधिक सीटें जीतकर इतिहास रचेगी और असम में एक बार फिर पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
उन्होंने कहा कि यह सिर्फ दावा नहीं, बल्कि जनता के भरोसे और विकास कार्यों पर आधारित मजबूत संकल्प है।
सिंघल ने कहा कि “डबल इंजन सरकार” के तहत केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की नीतियों ने देश के साथ-साथ असम को भी नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के कुशल नेतृत्व में राज्य में बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा और कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन देखने को मिला है।
भाजपा के संगठनात्मक ढांचे की सराहना करते हुए सिंघल ने असम भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि “संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। बूथ स्तर तक पार्टी की सक्रियता इस जीत की नींव है।”
विपक्ष पर तीखा प्रहार करते हुए सिंघल ने कहा कि कांग्रेस समेत अन्य दल पूरी तरह दिशाहीन हो चुके हैं। “विपक्ष के पास न तो नेतृत्व है, न नीति और न ही नियत। वे सिर्फ झूठे आरोप लगाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन असम की जागरूक जनता अब उनके बहकावे में आने वाली नहीं है।”
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा ने हमेशा विकास, पारदर्शिता और जनसेवा को प्राथमिकता दी है, जबकि विपक्ष ने केवल राजनीति को निजी स्वार्थ का माध्यम बनाया। सिंघल ने दावा किया कि इस बार का जनादेश न केवल भाजपा की जीत सुनिश्चित करेगा, बल्कि विपक्ष को करारा जवाब भी देगा।
अंत में उन्होंने कहा, “असम की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा रखती है और मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के काम से संतुष्ट है। यही विश्वास हमें 90 प्लस के लक्ष्य तक पहुंचाएगा और असम को विकास के नए शिखर पर ले जाएगा।”



