काग़ज़ से ज़मीन तक घोषणापत्र की तैयारी, गौरव सोमानी ने जोड़ा प्रोफेशनल वर्ग
ओपी शर्मा,संवाददाता, गुवाहाटी, असम

गुवाहाटी 24 जनवरी 2026/असम.समाचार
आगामी चुनावों के मद्देनज़र भाजपा के घोषणापत्र को और अधिक व्यावहारिक व समावेशी बनाने के उद्देश्य से गुवाहाटी में प्रोफेशनल संगठनों के साथ एक महत्वपूर्ण परामर्श बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एसोसिएशन, कंपनी सेक्रेटरीज एसोसिएशन एवं टैक्स बार एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
बैठक में भाजपा घोषणापत्र समिति के अध्यक्ष एवं असम सरकार के शिक्षा मंत्री रोनुज पेगु की विशेष उपस्थिति रही। बैठक का आयोजन असम भाजपा प्रोफेशनल्स सेल के अध्यक्ष गौरव सोमानी के नेतृत्व में किया गया, जिसमें विभिन्न प्रोफेशनल संगठनों ने घोषणापत्र से जुड़े अपने सुझाव एवं विचार साझा किए।
परामर्श के दौरान कराधान, शिक्षा, व्यापारिक वातावरण, प्रोफेशनल्स से जुड़े नीतिगत सुधारों सहित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर प्रतिनिधि संगठनों द्वारा एक आधिकारिक अनुशंसा पत्र शिक्षा मंत्री रोनुज पेगु को सौंपा गया।
बैठक को संबोधित करते हुए श्री पेगु ने कहा कि समाज के प्रोफेशनल वर्गों के सुझाव घोषणापत्र को ज़मीनी और प्रभावी बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी संगठनों से आगे भी सक्रिय रूप से अपने सुझाव देने का आह्वान करते हुए आश्वासन दिया कि प्राप्त सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और उन्हें घोषणापत्र में सम्मिलित करने का प्रयास होगा।
इस अवसर पर सीए रागिनी गोयल, सीए पंकज खंडेलिया, सीए बिकाश अग्रवाल, सीएस मनोज रावनियार सहित टैक्स कंसल्टेंट समुदाय के कई वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित सदस्य उपस्थित रहे।
यह परामर्श बैठक विभिन्न प्रोफेशनल वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए एक सशक्त, समावेशी एवं व्यावहारिक भाजपा घोषणापत्र की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखी जा रही है।


