असमथर्ड आईपुलिस बुकमुद्दा गरम हैराष्ट्रीयलेटेस्ट खबरें

कार्बी आंगलोंग व पश्चिम कार्बी आंगलोंग में इंटरनेट सेवा निलंबित

कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका, प्रशासन का सख्त कदम

विकास शर्मा

गुवाहाटी 23 दिसंबर 2025/ असम समाचार

कार्बी आंगलोंग और पश्चिम कार्बी आंगलोंग जिलों में उत्पन्न गंभीर कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए असम सरकार ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। राज्य सरकार ने दोनों जिलों में मोबाइल इंटरनेट/डेटा सेवाओं को तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक निलंबित करने का आदेश जारी किया है।

गृह एवं राजनीतिक विभाग के आयुक्त एवं सचिव बिस्वजीत पेगू, आईएएस द्वारा जारी अधिसूचना में कहा गया है कि 23 दिसंबर 2025 को जिला प्रशासन से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार दोनों जिलों में सार्वजनिक शांति एवं कानून-व्यवस्था भंग होने की गंभीर आशंका उत्पन्न हो गई है।

प्रशासन को यह भी आशंका है कि सोशल मीडिया एवं इंटरनेट के माध्यम से भड़काऊ संदेश, अफवाहें एवं असत्य जानकारी फैलाकर स्थिति को और अधिक गंभीर बनाया जा सकता है।

इसी को ध्यान में रखते हुए भारतीय टेलीग्राफ अधिनियम, 1885 की धारा 5(2) तथा टेली-कॉम सेवाओं के अस्थायी निलंबन (सार्वजनिक आपातकाल या सार्वजनिक सुरक्षा) नियम, 2017 के तहत यह आदेश जारी किया गया है। आदेश के अनुसार, कार्बी आंगलोंग और पश्चिम कार्बी आंगलोंग जिलों में सभी मोबाइल सेवा प्रदाताओं की इंटरनेट/मोबाइल डेटा सेवाएं बंद रहेंगी।

हालांकि, प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस अवधि के दौरान वॉयस कॉल सेवाएं तथा फिक्स्ड टेलीफोन लाइन पर आधारित ब्रॉडबैंड सेवाएं चालू रहेंगी।
अधिसूचना में यह भी चेतावनी दी गई है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 223 तथा भारतीय टेलीग्राफ अधिनियम, 1885 के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

यह आदेश असम के राज्यपाल के नाम से जारी किया गया है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!