शिलांग में एमपी पुत्र की ‘वीआईपी हरकत’ पर पुलिस सख्त, लाल बत्ती वाले वाहन की हुई जब्ती

विकास जोशी
शिलांग 14 नवंबर 2025/असम.समाचार
मेघालय के शिलांग में कांग्रेस सांसद रकीबुल हुसैन के बेटे तंजील हुसैन की कथित ‘वीआईपी रवैये’ ने बुधवार शाम हड़कंप मचा दिया। जानकारी के अनुसार, तंजील अपने पिता के आधिकारिक वाहन में लाल बत्ती लगाकर शिलांग की सड़कों पर दौड़ रहे थे।

असम में अपने पिता के पूर्व मंत्री कार्यकाल के दौरान लंबे समय तक वीआईपी एस्कॉर्ट और लाल बत्ती वाले काफिले में चलना तंजील की आदत बन चुका था। हाल ही में रूपहीहाट में रकीबुल हुसैन पर हमले के बाद उनकी सुरक्षा भी बढ़ाई गई थी, जिससे तंजील को भी अतिरिक्त सुरक्षा मिलती रही।
लेकिन शिलांग में यही ‘वीआईपी स्टाइल’ भारी पड़ गया। मेघालय पुलिस के अधिकारियों ने लाल बत्ती लगी गाड़ी को देखकर तुरंत कार्रवाई की। उमलिंग-नोंगपुर क्षेत्र में पुलिस ने तंजील द्वारा उपयोग की जा रही इनोवा कार को जब्त कर लिया।
मेघालय पुलिस इस पूरे मामले से नाराज़ बताई जा रही है, और साफ है कि राज्य में वीआईपी कल्चर के नाम पर नियम तोड़ना अब आसानी से नहीं चलेगा।
ये घटना इस बात का ताज़ा उदाहरण है कि सत्ता बदलने के बाद भी कुछ लोग ‘पुराने वीआईपी दौर’ की आदतें छोड़ नहीं पा रहे हैं और शिलांग पुलिस ने साफ संदेश दे दिया है कि नियम सब पर समान रूप से लागू होते हैं।
फ़ोटो-थर्ड पार्टी,




